10/06/2026
फेसबुक पर हथियार के साथ फोटो वायरल करने वाले तीन गिरफ्तार, एक पिस्टल बरामद
बगहा, 10 जून 2026। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो वायरल कर क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाले तीन युवकों को बगहा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान एक पिस्टल भी बरामद की गई है, जबकि हथियार के मुख्य मालिक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 2 जून को फेसबुक पर हथियार के साथ एक फोटो वायरल हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीआईयू टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के क्रम में फोटो पोस्ट करने वाले सोनेलाल कुमार उर्फ चंदन यादव की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सोनेलाल ने बताया कि फोटो में दिखाई गई पिस्टल उसे नन्हू यादव ने दी थी। इसके बाद पुलिस ने नन्हू यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। नन्हू की निशानदेही पर तवरेज अंसारी को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में बताया कि पिस्टल उदय गौंड की है।
पुलिस ने उदय गौंड के घर पर छापेमारी कर एक पिस्टल बरामद कर उसे जब्त कर लिया। हालांकि उदय गौंड मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में चौतरवा थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कांड दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ के दौरान अपने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने कहा है कि अवैध हथियार रखना, उसका प्रदर्शन करना तथा सोशल मीडिया पर उसका प्रचार-प्रसार करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों पर बगहा पुलिस की विशेष निगरानी जारी है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी:
सोनेलाल कुमार उर्फ चंदन यादव
नन्हू यादव
तवरेज अंसारी
बरामदगी:
एक अवैध पिस्टल
फरार आरोपी:
उदय गौंड (गिरफ्तारी हेतु छापेमारी जारी)।