09/03/2026
अवैध मच्छर अगरबत्तियों पर एक्शन! महाराष्ट्र सरकार ने कम्फर्ट और स्लीप वेल पर लगाया बैन, रिटेलर्स को किया सावधान---------------
महाराष्ट्र सरकार ने अवैध मच्छर अगरबत्तियों के खिलाफ अभियान शुरू किया है. कृषि विभाग छापेमारी कर स्टॉक जब्त करेगा और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करेगा. उपभोक्ताओं को भी सलाह दी गई है.
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य भर में बिना मंजूरी वाले रसायनों से बनी अवैध मच्छर अगरबत्तियों के खिलाफ एक व्यापक प्रवर्तन अभियान शुरू किया है. कृषि विभाग ने विशेष रूप से 'कंफर्ट' और 'स्लीप वेल' ब्रांड के तहत बेची जा रही अगरबत्तियों को लक्षित किया है, क्योंकि इनमें डाइमेफ्लुथ्रिन और मेपरफ्लुथ्रिन जैसे कीटनाशक केमिकल पाए गए हैं, जो अगरबत्ती के रूप में उपयोग के लिए स्वीकृत नहीं हैं
कृषि निदेशक, महाराष्ट्र ने सभी विभागीय संयुक्त कृषि निदेशकों और कीटनाशक निरीक्षकों को एक ताजा सरकुलर जारी किया है. इस आदेश के तहत कीटनाशक अधिनियम, 1968 और कीटनाशक नियम, 1971 के तहत तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही अधिकारियों को छापेमारी करने, अवैध स्टॉक जब्त करने और दोषी निर्माताओं, वितरकों व खुदरा विक्रेताओं के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू करने को कहा गया है.