05/04/2026
नावडीहा गांव में नशा मुक्ति अभियान, महिलाओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प
पूर्वी टुंडी: पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत उकमा पंचायत के नावडीहा गांव में रविवार को सोनोत संथाल समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाज के प्रखंड अध्यक्ष संदीप हांसदा ने की। इस दौरान गांव में नशा मुक्ति अभियान की शुरुआत की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में उपस्थित महिलाओं ने समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया और गांव से शराब व अन्य नशीले पदार्थों के सेवन को समाप्त करने के लिए जागरूकता फैलाने का निर्णय लिया। अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा परिवार और समाज पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक असर पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर संदीप हांसदा ने कहा कि यह नशा मुक्ति अभियान केवल नावडीहा गांव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे पूर्वी टुंडी प्रखंड के सभी गांवों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक बनाने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
बैठक में मुख्य रूप से बोदीनाथ बेसरा, सुरेश मरांडी, हेमलाल मांझी, मीन हेंब्रम, सावित्री मुर्मू, संजोती मुर्मू, देव मरांडी, अनिता कुमारी, बसंती टुडू, सादमुनी मरांडी, रावण हांसदा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।