09/05/2022
उपायुक्त का कार्यभार संभाला श्यामलाल पूनिया ने
दादरी में जनसमस्याओं का होगा शीघ्र समाधान
चरखी दादरी, 9 मई। कोरोना के समय जिला को एक मजबूत सुरक्षा चक्र देेने वाले वर्ष 2010 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्यामलाल पूनिया ने स्थानीय लघु सचिवालय परिसर में उपायुक्त का कार्यभार संभाल लिया है। दादरी पहुंचने पर पुलिस की टुकड़ी ने सलामी देकर नवनियुक्त उपायुक्त का स्वागत किया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत भी उनके साथ रहे।
श्री श्यामलाल पूनिया इससे पहले यमुनानगर में निगम आयुक्त, उसके बाद वर्ष 2020 में दादरी, सोनीपत व झज्जर जिला में उपायुक्त के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं। अब दादरी आने से पहले वे जिला महेन्द्रगढ़ में उपायुक्त के तौर पर सेवारत थे। दादरी में पदभार संभालने के बाद उन्होंने आला अधिकारियों की बैठक ली और जिला की समस्याओं के बारे में जाना।
उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत से जिला की कानून व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दादरी में कानून व्यवस्था सही है। उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने निर्माणाधीन लघु सचिवालय, भारत माला 152 डी, पेयजल व चारा व्यवस्था तथा शहर की सीवरेज व्यवस्था बारे में जानकारी ली। उन्होंने नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दादरी में जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान जल्द से जल्द करवाया जाएगा।
इससे पहले आईएएस प्रदीप गोदारा दादरी में इस पद पर थे। तीस अप्रैल को उनकी सेवानिवृत्ति होने के बाद श्यामलाल पूनिया ने सरकार के आदेश आते ही आज अपना दायित्व ग्रहण किया है। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त डा. मुनीष नागपाल ने लघु सचिवालय में उपायुक्त का स्वागत किया। उनके साथ एसडीएम डा. विरेंद्र सिंह, नगराधीश नरेंद्र कुमार, आरटीए सचिव दर्शना भारद्वाज, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी अजीत सिंह, सुशासन सहयोगी दिनेश कुमार उपस्थित रहे। दादरी जिला में मार्च, 2020 के दौरान पहला लॉकडाऊन लगा, तब उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने ही इस चुनौती का दृढ़ता से सामना किया और कोविड महामारी की रोकथाम में सराहनीय पहल की थी। उनके साथ समाजसेवी संस्थाओं ने भी पूरी सक्रियता से काम किया था।