06/06/2026
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले योग सहायकों को किया सम्मानित
हरियाणा सरकार, आयुष विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. आशु शर्मा के निर्देशन तथा जिला योग समन्वयक डॉ. सुरेंद्रपाल नागर के मार्गदर्शन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शहीद भगत सिंह स्टेडियम, सिरसा में जिला स्तरीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री यतींद्र सिंह, श्री अमीर चंद मेहता, श्री शीशपाल कंबोज, श्री राजेंद्र सिंह देशूजोधा एवं श्री बलदेव सिंह ने सहभागिता की।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाया गया। मुख्य अतिथि श्री रणबीर सिंह गंगवा ने योग को स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज की आधारशिला बताते हुए सभी नागरिकों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान योग जागरूकता एवं योग प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले योग सहायकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में पंकज वर्मा, सुमन कुमार, रितु एवं आईना शामिल रहे। मुख्य अतिथि ने सभी सम्मानित योग सहायकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी योग के प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग प्रशिक्षकों, योग सहायकों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाने का संकल्प लिया।