09/06/2026
"आशीष प्रताप सिंह लेफ्टिनेंट बनकर सिवान का बढ़ाया मान"
सिवान : जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के सैचानी गांव निवासी आशीष प्रताप सिंह ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने गांव, क्षेत्र और पूरे सिवान जिले का नाम रोशन किया है।राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए), पुणे में कठोर प्रशिक्षण पूरा करने तथा पासिंग आउट परेड के बाद उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में नियुक्ति मिली है।
आशीष के पिता दीप नारायण सिंह हाल ही में भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता एक गृहिणी हैं। उनके बड़े भाई विशाल प्रताप सिंह भी सेना में कार्यरत हैं और बहन मुस्कान कुमारी बैंक में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। परिवार की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से घर-परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है।
लेफ्टिनेंट आशीष प्रताप सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार और अपने शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनका सपना भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का था। इसी लक्ष्य को सामने रखकर उन्होंने लगातार मेहनत की और पूरी लगन के साथ तैयारी की।
उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प और ईमानदारी के साथ प्रयास किया जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। Ramesh Singh Kushwaha Tuna Ji Pandey Manoj Kumar Singh Mangal Pandey