23/05/2026
#गुजरात || शोरूम से ज्वैलरी चुराने वाली लड़की की कहानी में आया ट्विस्ट
हर्षिदा अहमदाबाद की एक ज्वैलरी की दुकान में काम करती थी. रोज की तरह 11 मई की दोपहर दुकान के मालिक दर्शन भाई खाना खाने घर गए.
हर्षिदा ने उसी वक्त शोरूम में रखे 1.66 करोड़ के सोने के गहने चुरा लिए. फिर हर्षिदा ने शोरूम के स्टाफ से कहा- कुछ जरूरी काम से घर जाना पड़ रहा है, मालिक से छुट्टी के लिए बोल दिया है.
इसके बाद हर्षिदा चुराया हुआ सोना लेकर चली गई. कुछ देर बाद मालिक शोरूम पहुंचे. उन्होंने पाया कि कुछ गहने गायब हैं. सभी स्टाफ को बुलाया गया, हर्षिदा वहां नहीं थी.
स्टाफ ने बताया कि वो आपसे छुट्टी लेकर घर गई है. मालिक का दिमाग ठनका, तुरंत CCTV फुटेज देखा गया. उसमें हर्षिदा सोने के गहने अपने यूनिफॉर्म में छिपाती दिख गई.
इसके बाद पुलिस आई और जांच शुरू हुई.
अब हर्षिदा पकड़ी गई, और उसने जो बताया है वो बहुत चौकाने वाला है. हर्षिदा ने ये चोरी अपने बॉयफ्रेंड के कहने पर की. वो उससे शादी करके साथ रहना चाहती थी.
शादीशुदा बॉयफ्रेंड ने चोरी करवाई, फिर हर्षिदा को लेकर निकल गया. दोनों अलग-अलग जगह पर रहे. इसी बीच एक दिन जब हर्षिदा नहाने गई, उसी वक्त बॉयफ्रेंड ने चोरी के गहने उठाए और निकल गया.
अब हर्षिदा के पास सिर्फ 18 लाख रुपए के गहने बचे थे, वो भी इसलिए क्योंकि वो उसके पर्स में पड़े थे.
बॉयफ्रेंड धोखेबाज निकल गया और चोरी के गहने चुराकर फरार हो गया. हर्षिदा जब 18 लाख के गहनों को बेचने पहुंची तो पकड़ ली गई.
हर्षिदा तलाकशुदा है. उसे उम्मीद थी कि शादीशुदा बॉयफ्रेंड अपनी पत्नी को छोड़कर उससे शादी कर लेगा. इसलिए ये सब कांड किया.