Benipatti news

Benipatti news सच की राह पर, बेखौफ कलम के साथ।
Benipatti News – हर मुद्दे पर स्पष्ट आवाज़।
7484811503/6205126769

16/09/2026

गणपति धाम में शिव पार्थिव पूजन एवं रुद्राभिषेक

बेनीपट्टी 16/09/2026

गणपति धाम बेनीपट्टी में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ शिव पार्थिव पूजन एवं रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का पूजन-अभिषेक किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से भक्तिमय बना रहा।

15/09/2026

विघ्नहर्ता श्री गणेश का संकल्प विधान प्रारंभ, अब निकलेगी मंगल कलश शोभा यात्रा

15/09/2026

आज निकलेगी भव्य कलश शोभा यात्रा, गणपति धाम इंदिरा चौक में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

बेनीपट्टी 15/09/2026

गणपति धाम, इंदिरा चौक बेनीपट्टी में आज भव्य कलश शोभा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। शोभा यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धार्मिक उत्साह और भक्तिमय माहौल के बीच श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल होंगे।

गणपति बप्पा मोरया 🙏

14/09/2026

पीएम मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’, एमएलसी घनश्याम ठाकुर ने की सहभागिता की अपील

13/09/2026

सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार से मारपीट का वीडियो वायरल

सदर अस्पताल के एसएनसीयू ने 203 रेफर नवजातों को दिया नया जीवन2025-26 में 1,250 नवजात भर्ती, 1,099 हुए स्वस्थ; चालू वित्ती...
11/09/2026

सदर अस्पताल के एसएनसीयू ने 203 रेफर नवजातों को दिया नया जीवन

2025-26 में 1,250 नवजात भर्ती, 1,099 हुए स्वस्थ; चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 589 भर्ती

मधुबनी संवाददाता 11/09/2026

मधुबनी सदर अस्पताल स्थित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) गंभीर और बीमार नवजात शिशुओं के लिए जीवनरक्षक केंद्र के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। निजी अस्पतालों से गंभीर स्थिति में रेफर होकर आए 203 नवजातों का सफल उपचार कर उन्हें सुरक्षित घर भेजा गया है।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में निजी अस्पतालों से रेफर होकर आए 175 नवजातों का एसएनसीयू में सफल इलाज किया गया। वहीं, 1 अप्रैल 2026 से 9 सितंबर 2026 तक निजी अस्पतालों से रेफर होकर आए 28 नवजातों का उपचार किया जा चुका है।

1250 नवजातों में 1099 हुए स्वस्थ

वित्तीय वर्ष 2025-26 में एसएनसीयू में गंभीर स्थिति में कुल 1,250 नवजात भर्ती हुए, जिनमें से 1,099 को स्वस्थ होने के बाद घर भेजा गया। इस दौरान सफलता दर करीब 89 प्रतिशत रही। चालू वित्तीय वर्ष में 9 सितंबर तक 589 नवजात भर्ती हुए, जिनमें से 501 का सफल उपचार किया जा चुका है।

24 घंटे निगरानी और उपचार

एसएनसीयू में समय से पहले जन्मे, कम वजन वाले, सांस लेने में परेशानी, संक्रमण सहित विभिन्न गंभीर जटिलताओं से पीड़ित नवजातों का उपचार किया जाता है। स्वास्थ्यकर्मियों की टीम 24 घंटे नवजातों की निगरानी करती है।

सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने कहा कि निजी अस्पतालों से रेफर होकर आने वाले 203 नवजातों का सफल उपचार सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की क्षमता और स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि गंभीर नवजातों की समय पर पहचान और तत्काल उपचार बेहद जरूरी है।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक पंकज मिश्रा ने बताया कि एसएनसीयू की टीम चौबीसों घंटे नवजातों की देखभाल में लगी रहती है। रेफर होकर आने वाले बच्चों को भी तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

आधुनिक उपकरणों से लैस है एसएनसीयू

एसएनसीयू में वर्तमान में 19 रेडिएंट वार्मर, छह फोटोथेरेपी यूनिट, सी-पैप, वेंटिलेटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, सिरिंज एवं इन्फ्यूजन पंप तथा नवजात पुनर्जीवन उपकरण उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं के माध्यम से गंभीर और प्री-मैच्योर नवजातों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

बासुकी बिहारी के 16 परिवारों की बेदखली पर हाईकोर्ट की रोक, 6 अक्टूबर तक यथास्थिति का आदेशमधवापुर संवाददाता 11/09/2026 मध...
11/09/2026

बासुकी बिहारी के 16 परिवारों की बेदखली पर हाईकोर्ट की रोक, 6 अक्टूबर तक यथास्थिति का आदेश

मधवापुर संवाददाता 11/09/2026

मधवापुर अंचल के बासुकी बिहारी गांव स्थित लालापट्टी टोला में पिछले करीब तीन दशकों से रह रहे 16 परिवारों को फिलहाल बड़ी राहत मिली है। पटना हाईकोर्ट ने अंचल प्रशासन की ओर से प्रस्तावित बेदखली की कार्रवाई पर रोक लगाते हुए विवादित जमीन पर अगली सुनवाई तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया है।

न्यायमूर्ति अजीत कुमार की पीठ ने CWJC संख्या 13368/2026 की सुनवाई के दौरान यह आदेश दिया। न्यायालय ने राज्य सरकार को मामले में चार सप्ताह के भीतर काउंटर एफिडेविट दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 6 अक्टूबर 2026 को निर्धारित है।

19 अगस्त को होनी थी बेदखली की कार्रवाई

मामला अतिक्रमण वाद संख्या 4/2026 से संबंधित है। अंचल प्रशासन की ओर से संबंधित जमीन को गैरमजरूआ आम बताते हुए अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया गया था। इसके तहत 19 अगस्त को बेदखली की कार्रवाई प्रस्तावित थी। प्रभावित परिवारों ने इसके खिलाफ पटना हाईकोर्ट में याचिका दायर की।

याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता दीपेश ठाकुर ने अदालत के समक्ष पक्ष रखते हुए बताया कि संबंधित परिवार तीन दशकों से अधिक समय से वहां रह रहे हैं। उनके पास 12 जून 2017 की लगान रसीद भी उपलब्ध है। याचिका पक्ष की ओर से यह तर्क दिया गया कि बेदखली की कार्रवाई से पहले पर्याप्त सुनवाई का अवसर और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है।

6 अक्टूबर तक बनी रहेगी यथास्थिति

सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने विवादित स्थल पर यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही राज्य सरकार से जवाब मांगा गया है। अदालत के आदेश के बाद प्रभावित 16 परिवारों को फिलहाल बेदखली की कार्रवाई से राहत मिल गई है।

अब पूरे मामले में प्रशासन का जवाब और अगली सुनवाई के बाद अदालत के रुख पर सबकी नजर है।

स्कूल परिसरों में बिना अनुमति नहीं होंगे कार्यक्रम, लापरवाही पर नपेंगे हेडमास्टर: DEOमधुबनी संवाददाता 09/09/2026जिले के ...
09/09/2026

स्कूल परिसरों में बिना अनुमति नहीं होंगे कार्यक्रम, लापरवाही पर नपेंगे हेडमास्टर: DEO

मधुबनी संवाददाता 09/09/2026

जिले के सरकारी स्कूलों में अब बिना विभागीय अनुमति के किसी भी तरह के बाहरी या सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया जा सकेगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) ने इस संबंध में एक कड़ा कार्यालय आदेश जारी किया है। आदेश का उल्लंघन करने वाले प्रधानाध्यापकों (हेडमास्टर) और प्रभारी प्रधानाध्यापकों के खिलाफ सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग को लगातार यह सूचना मिल रही थी कि कई स्कूलों के पोषक क्षेत्र के ग्रामीण या मोहल्ला निवासी विशेष अवसरों पर स्कूल परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर लेते हैं। इन आयोजनों के कारण स्कूलों का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह प्रभावित हो रहा था, जिससे छात्र-छात्राओं के पठन-पाठन और खेल-कूद जैसी गतिविधियों में बाधा आ रही थी।
बिना विभागीय आदेश के अनुमति देने पर पूरी तरह रोक
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के सभी सरकारी प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रमुखों को निर्देशित किया है कि वे किसी भी बाहरी कार्यक्रम के लिए स्कूल परिसर का उपयोग करने की अनुमति तब तक न दें, जब तक कि इसके लिए कोई स्पष्ट विभागीय निर्देश या आदेश प्राप्त न हो।
लापरवाही मिलने पर सीधे प्रधानाध्यापक होंगे दोषी
इस आदेश में साफ चेतावनी दी गई है कि यदि किसी भी स्कूल में इस नियम की अनदेखी या शिथिलता पाई जाती है, तो इसके लिए सीधे वहां के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार माना जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी व प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे।
इस आदेश की प्रतिलिपि जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (BEO), प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO), अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) और जिला पदाधिकारी (DM) को आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेज दी गई है ताकि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जा सके।

LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, 25 दिन बाद बुक करा सकेंगे दूसरा सिलेंडरग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के लिए री-बुकिंग का नियम ...
07/09/2026

LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, 25 दिन बाद बुक करा सकेंगे दूसरा सिलेंडर

ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के लिए री-बुकिंग का नियम हुआ समान, 45 दिन की बाध्यता खत्म

बेनीपट्टी 07/09/2026

घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर की दूसरी बुकिंग के लिए निर्धारित 45 दिनों की समय-सीमा को घटाकर 25 दिन कर दिया है। अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का नियम समान होगा।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इस फैसले की जानकारी दी। मंत्रालय ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) समेत सरकारी तेल विपणन कंपनियों को नए नियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

पश्चिम एशिया संकट के दौरान बढ़ाया गया था अंतर

दरअसल, मार्च 2026 में पश्चिम एशिया में उत्पन्न भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच कच्चे तेल और एलपीजी की अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति पर दबाव पड़ा था। आपूर्ति व्यवस्था को संतुलित रखने के लिए सरकार ने अस्थायी रूप से शहरी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन का री-बुकिंग अंतर निर्धारित किया था।

ग्रामीण क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम खपत को ध्यान में रखते हुए 45 दिनों की समय-सीमा तय की गई थी। हालांकि, अधिक सदस्यों वाले परिवारों और अधिक गैस खपत वाले ग्रामीण उपभोक्ताओं को इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

आपूर्ति सामान्य होने के बाद बदला नियम

मंत्रालय के अनुसार, अब देश में एलपीजी की आपूर्ति व्यवस्था सामान्य हो गई है और रिफिल का बैकलॉग भी समाप्त हो चुका है। इसके बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच री-बुकिंग की समय-सीमा में अंतर खत्म करने का निर्णय लिया गया है।

नए नियम के तहत घरेलू एलपीजी उपभोक्ता सिलेंडर की डिलीवरी प्राप्त होने के 25 दिन बाद अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे। इससे खासकर बड़े परिवारों और अधिक एलपीजी खपत वाले उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

बुकिंग सिस्टम में किया जा रहा बदलाव

तेल कंपनियों की ओर से अपने डिजिटल बुकिंग सिस्टम और मोबाइल एप्लीकेशन में नए नियम को अपडेट किया जा रहा है। इसके लागू होने के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं को दूसरी बुकिंग के लिए 45 दिनों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। गैस की उपलब्धता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार वे 25 दिन पूरे होने के बाद अगला रिफिल बुक करा सकेंगे।

नव दुर्गा भगवती मंदिर में नई पूजा समिति का गठन, वैदिक विधि-विधान से सजेगा शारदीय नवरात्र का दरबारबेनीपट्टी 06/09/2026बेन...
06/09/2026

नव दुर्गा भगवती मंदिर में नई पूजा समिति का गठन, वैदिक विधि-विधान से सजेगा शारदीय नवरात्र का दरबार

बेनीपट्टी 06/09/2026

बेनीपट्टी नगर पंचायत के वार्ड संख्या-17 स्थित नवकी पोखरा भिंडा पर अवस्थित नव दुर्गा भगवती मंदिर परिसर में रविवार को आगामी शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा के सफल आयोजन को लेकर नव दुर्गा शांति समिति की बैठक श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पोषपति झा एवं उदय कान्त पाठक ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में उपस्थित दर्जनों ग्रामीणों ने मां भगवती की आराधना एवं आगामी शारदीय नवरात्र के आयोजन को भव्य, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। सामूहिक मंथन एवं सर्वसम्मति के उपरांत मंदिर की पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठानों तथा आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन के लिए नई पूजा समिति का गठन किया गया।

सर्वसम्मति से महादेव झा को अध्यक्ष, गोविन्द झा को उपाध्यक्ष, मनीष पाठक को कोषाध्यक्ष, मुन्ना पाठक को उपकोषाध्यक्ष सह यजमान, ललन साह को सचिव तथा रामकिशोर झा को उपसचिव बनाया गया। वहीं ब्रजेश सिंह एवं कौशल कुमार को पूजा प्रभारी तथा भवन पाठक को आरती प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। आयोजन की अन्य व्यवस्थाओं के लिए भी सदस्यों को आवश्यक दायित्व प्रदान किए गए।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्र एवं दुर्गा पूजा वैदिक विधि-विधान, सनातन धार्मिक परंपराओं एवं विद्वान आचार्यों के मार्गदर्शन में धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाई जाएगी। नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती, मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया जाएगा।

बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि मां दुर्गा शक्ति की अधिष्ठात्री और भक्तों के लिए आस्था एवं विश्वास का केंद्र हैं। नवरात्र का पावन पर्व मनुष्य को धर्म, सत्य, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मां भगवती की आराधना से वातावरण में भक्ति का संचार होने के साथ समाज में प्रेम, शांति, सद्भाव एवं आपसी एकता की भावना भी मजबूत होती है।

मंदिर परिसर में पूजा व्यवस्था, अनुशासन एवं आयोजन के दौरान निगरानी के लिए उदय पाठक, पोषपति झा, पवन कुमार झा एवं कौशल झा को निगरानी टीम की जिम्मेदारी दी गई। समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि शारदीय नवरात्र का आयोजन श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप शांतिपूर्ण, मर्यादित एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

बैठक के दौरान ‘जय माता दी’ एवं ‘मां दुर्गे’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठा। वातावरण में भक्ति की ऐसी छटा बिखरी कि मानो मां भगवती की आराधना में पूरा परिसर स्वयं नतमस्तक हो उठा हो। उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि, सद्भाव एवं सर्वकल्याण की मंगलकामना की।

बैठक में उदय पाठक, पोषपति झा, पवन कुमार झा, गोविन्द झा, महादेव झा, त्रिलोक झा, मुकुन्द झा, अतुल झा, ब्रजेश सिंह, सोनू पाठक, कौशल झा, कौशल कुमार, रामकिशोर झा, शिवम कुमार, मनीष पाठक, ललन साह, मुन्ना पाठक, शंभु झा, संजीत झा, कृष्णा राय, भवन पाठक, जटाशंकर झा सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Address

Benipatti
847223

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Benipatti news posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Shortcuts

Share