18/06/2026
भिंड: 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत 81 लाख के 325 मोबाइल बरामद, पर चोरों पर कार्रवाई नहीं होने से उठे सवाल
भिंड। जिला पुलिस ने 'ऑपरेशन विश्वास' के तहत बड़ी सफलता का दावा करते हुए विभिन्न राज्यों से गायब हुए 325 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों को सौंपा गया, जिससे कई चेहरों पर मुस्कान लौट आई। बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 81 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, एसपी सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन और सायबर सेल की मदद से इन मोबाइलों को केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल के जरिए ट्रैक किया गया था। ये मोबाइल मध्य प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश, गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड, केरल, असम और छत्तीसगढ़ जैसे 9 राज्यों से बरामद किए गए हैं। मोबाइल पाने वालों में सेना के जवान, छात्र, गृहणियां और मजदूर शामिल हैं।
सफलता के बीच सुलगते सवाल
पुलिस की इस रिकवरी की जहां एक तरफ तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी तरफ इस पूरे ऑपरेशन पर गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने प्रेस नोट में 325 मोबाइल बरामद करने का दावा तो किया, लेकिन यह साफ नहीं किया कि ये मोबाइल जिनके पास से मिले, उन पर क्या कानूनी कार्रवाई की गई?
भिंड से चोरी या गुम हुए मोबाइल देश के 9 राज्यों तक कैसे पहुंच गए, इस बड़े नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय कबाड़ियों व चोरों के सिंडिकेट का खुलासा करने में पुलिस नाकाम रही है। चर्चा है कि पुलिस ने सिरदर्दी से बचने के लिए मामलों को केवल 'गुमशुदगी' में ही रखा, जिससे मोबाइल तो मिल गए लेकिन असली अपराधी और चोर कानूनी कार्रवाई की जद से बाहर रह गए।
#