07/06/2026
बिजनौर में नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो सगी बहनें स्मैक और नकदी सहित गिरफ्तार
बिजनौर शहर कोतवाली पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चांदपुर चुंगी क्षेत्र स्थित एक मकान पर छापा मारकर दो सगी बहनों को भारी मात्रा में स्मैक और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर की गई छापेमारी के दौरान मकान की तलाशी ली गई। तलाशी में गैस सिलेंडर के अंदर छिपाकर रखी गई स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान रहनुमा उर्फ नूरी (30 वर्ष) और उसकी बहन तबस्सुम (करीब 24 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अविवाहित हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50.35 ग्राम स्मैक डली के रूप में तथा 61.19 ग्राम स्मैक पुड़ियों के रूप में बरामद की। इसके अलावा स्मैक बिक्री से प्राप्त 88,950 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों बहनों ने बताया कि उनके पिता फरीद लंबे समय से बीमार रहते हैं। परिवार का खर्च चलाने के लिए वे नशीले पदार्थों की बिक्री का काम कर रही थीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि स्मैक की एक पुड़िया 400 रुपये में बेची जाती थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उनका चालान कर दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।