08/09/2026
नगर पंचायत चौसा अंतर्गत बक्सर-सासाराम मुख्य पथ पर आम नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आज बक्सर समाहरणालय पहुंचकर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शैलेश कुशवाहा, आनंद रावत एवं चंदन चौधरी ने जिला पदाधिकारी महोदया को पत्र सौंपा।
पत्र के माध्यम से बक्सर-सासाराम मुख्य पथ के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग, सड़क क्रॉसिंग के स्पष्ट निशान, यातायात संकेतक, चेतावनी बोर्ड, गति नियंत्रण की व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की गई।
वार्ड पार्षदों प्रतिनिधि शैलेश कुशवाहा ने बताया कि नगर पंचायत चौसा के विभिन्न चौक-चौराहों एवं विद्यालय के समीप सड़क पर वाहनों की तेज आवाजाही रहती है। सड़क पार करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण आम नागरिकों, महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
विशेष रूप से सम्राट अशोक चौक, ग्रामीण बैंक के समीप तथा बालिका उच्च विद्यालय के समीप सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई है।
वार्ड पार्षदों ने कहा कि 07 सितंबर 2026 की शाम वार्ड संख्या 09 निवासी श्री हरदीनारायण मौर्य सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ। इस घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
उन्होंने जिला पदाधिकारी महोदया से मांग की कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर इन सभी संवेदनशील स्थलों का स्थल निरीक्षण कराया जाए तथा मानक के अनुरूप जेब्रा क्रॉसिंग, यातायात संकेतक एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय शीघ्र सुनिश्चित किए जाएं।
वार्ड पार्षदों ने कहा कि यह मांग किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि चौसा नगर पंचायत के आम नागरिकों एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण जनहित का विषय है। समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से भविष्य में गंभीर सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।
Buxar Administration