28/07/2026
धोरीमन्ना में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा, एक्शन मोड में एसडीएम
एक दर्जन अवैध कैबिन जब्त, सड़क पर खड़े बड़े वाहनों के काटे चालान; 125 अतिक्रमियों का चिह्नीकरण, 152 BNS में कार्रवाई शुरू
धोरीमन्ना। कस्बे में बढ़ते अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई के नेतृत्व में प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन अवैध कैबिन जब्त किए। बताया गया कि अतिक्रमणकारियों को कई बार समझाइश देने के बावजूद सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्ती बरती।
कार्रवाई के दौरान मुख्य मार्गों पर बीच सड़क में अवैध रूप से पार्क किए गए करीब एक दर्जन बड़े वाहनों के पुलिस ने चालान काटे। प्रशासन की इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों और अवैध पार्किंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई में तहसीलदार सी.पी. शर्मा, थानाधिकारी दलपत सिंह, नगर पालिका के फायरमैन मनोहर विश्नोई सहित प्रशासन, पुलिस और नगर पालिका की टीम मुस्तैद रही।
वहीं, एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई ने सार्वजनिक शांति और यातायात व्यवस्था बाधित करने वाले 125 अतिक्रमियों का चिह्नीकरण करवाते हुए उनके खिलाफ धारा 152 BNS के तहत इश्तगासा कार्रवाई शुरू करवाई है।
एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अतिक्रमण और अव्यवस्था के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सार्वजनिक रास्तों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन को कहा यह भलाई आप सभी के लिए है।