21/02/2024
आवश्यक जानकारी :~
————————
भारत सरकार द्वारा संचालित ई-संजीवनी ओपीडी एक ऐसी टेलीमेडिसिन सेवा है जहां आप विशेषज्ञ चिकित्सकों से घर बैठे निश्शुल्क स्वास्थ्य परामर्श ले सकते हैं। ई-संजीवनी ओपीडी का मुख्य उद्देश्य डिजिटलीकरण की मदद से उन व्यक्तियों को स्वास्थ्य सलाह प्रदान करना है, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं या फिर जिनके लिए अस्पतालों का दौरा करना मुश्किल होता है। इसमें आपको कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं। इनमें पेशंट रजिस्ट्रेशन, टोकन जेनरेशन, क्यू मैनेजमेंट, डाक्टर के साथ आडियो-वीडियो कंसल्टेशन, ई-प्रिस्क्रिप्शन, एसएमएस/ईमेल के माध्यम से सूचनाएं, राज्य के डाक्टरों द्वारा सर्विस, फ्री सर्विस आदि शामिल हैं।
ई-संजीवनी का एप एंड्रायड और आइओएस दोनों ही प्लेटफार्म पर उपलब्ध हैं। ई-संजीवनी ओपीडी का लाभ उठाने के लिए पहले इस मंच पर रजिस्ट्रेशन या लागइन करना होगा। यह प्रक्रिया आसान है। इसके लिए मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट esanjeevaniopd.in पर जाएं। इसके बाद पेशंट रजिस्ट्रेशन पर जाकर रजिस्टर करना होगा। स्क्रीन पर एक नया वेब पेज प्रदर्शित होगा। वहां अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। नीचे राज्य का विकल्प दिखाई देगा। इसमें जिस राज्य में रह रहे हैं, उसका चयन करें। फिर मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा, जिसे दर्ज करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन पेज आपकी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा। यहां पर मांगे जाने वाले सभी विवरणों को दर्ज करना होगा। अब आप डाक्टर से परामर्श के लिए टोकन का अनुरोध करें। इसके बिना आगे नहीं बढ़ पाएंगे। यदि आपके पास अपना स्वास्थ्य रिकार्ड है, तो उसे भी अपलोड कर सकते हैं, ताकि डाक्टर को आपके स्वास्थ्य इतिहास के बारे में अधिक जानकारी मिल सके। इसके बाद एसएमएस के माध्यम से पेशंट आइडी और टोकन प्राप्त होगा। अब इसकी मदद से ई-संजीवनी ओपीडी पोर्टल पर पेशंट लागइन टैब में जाकर लागइन करना होगा। लागइन करने के बाद टोकन नंबर के साथ मोबाइल नंबर या पेशंट आइडी भी दर्ज करनी होगी। इसके बाद इस मंच पर लागइन कर पाएंगे। अब आपको डाक्टर से अपाइंटमेंट लेने के लिए चुने गए क्लीनिक का नाम दर्ज करना होगा। यदि आपसे पहले और भी अपाइंटमेंट हैं, तो आपको एक सीरियल नंबर दिया जाएगा। यदि कोई नहीं है, तो फिर आप स्वास्थ्य परामर्श ले पाएंगे।