Gazalganj ग़ज़लगंज

Call Directions Contact the business

Gazalganj ग़ज़लगंज हिन्दी शाइरी को समर्पित प्रकाशन

📲: +91-8750-660-105

Gazalganj ग़ज़लगंज का आग़ाज़
05/09/2026

Gazalganj ग़ज़लगंज का आग़ाज़

(विश्लेषणात्मक व्याख्या)●●●《मेरी नज़र में क़िताब》●●●        "भावेश जो कह न सका"     ----------------------------‐------ ...
31/08/2026

(विश्लेषणात्मक व्याख्या)

●●●《मेरी नज़र में क़िताब》●●●

"भावेश जो कह न सका"
----------------------------‐------

सामाजिक परिदृश्य की पृष्ठभूमि
​समकालीन हिंदी कथा-साहित्य में सामाजिक यथार्थवाद की परंपरा अत्यंत समृद्ध रही है, किंतु इक्कीसवीं सदी के संक्रमणशील भारतीय समाज में नव-पूंजीवाद, तकनीकी प्रगति और उपभोक्तावादी संस्कृति ने जिन नवीन संकटों को जन्म दिया है, वे पूर्ववर्ती विमर्शों से गुणात्मक रूप से भिन्न हैं। आज का सबसे गहरा और मूक संकट हमारी पारिवारिक संरचनाओं, शैक्षणिक व्यवस्था और किशोर मन की संवेदनशीलता के बीच घटित हो रहा है।

उपन्यासकार डॉ. सूरज सिंह नेगी की औपन्यासिक कृति 'भावेश जो कह न सका' इसी समकालीन त्रासदी का एक अत्यंत प्रामाणिक, संवेदनशील और साहित्यिक दस्तावेज़ है। यह उपन्यास केवल एक किशोर की व्यक्तिगत आत्महत्या की करुण कथा भर नहीं है, अपितु यह उस व्यवस्था, सामाजिक पाखंड और अभिभावकीय हठधर्मिता का गहरा समाजशास्त्रीय व मनोवैज्ञानिक विश्लेषण है जो मासूम सपनों की बलि देकर अपनी खोखली प्रतिष्ठा का महल खड़ा करना चाहती है।

​भारतीय समाज में शिक्षा का मूल उद्देश्य व्यक्ति के चरित्र-निर्माण, वैचारिक परिपक्वता और संवेदना के विकास से विलग होकर विशुद्ध व्यावसायिक सफलता और सामाजिक प्रदर्शन का माध्यम बन चुका है। माता-पिता अपनी अपूर्ण आकांक्षाओं, विफलताओं और कुंठाओं का बोझ अपने बच्चों के सुकोमल कंधों पर लाद रहे हैं। प्रतियोगिता की इस अंधी दौड़ ने किशोरवय बच्चों को 'संवेदनाशील इंसान' के स्थान पर केवल एक 'प्रतियोगी इकाई' या 'नंबर लाने वाली मशीन' में तब्दील कर दिया है।

कोटा जैसे कोचिंग नगरों का उभार इसी विकृति का संस्थागत रूप है, जहाँ प्रतिवर्ष हज़ारों बच्चे अपने सपनों की बलि चढ़ाने को विवश होते हैं। डॉ. सूरज सिंह नेगी, जो स्वयं एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं, समाज के इस कड़वे सच को बेहद करीब से देखते और महसूस करते हैं। उनका यह प्रशासनिक अनुभव और लेखक का संवेदनशील हृदय मिलकर इस उपन्यास को एक दुर्लभ प्रामाणिकता और मारक प्रभाव प्रदान करता है।

​ प्रस्तुत उपन्यास का आरंभ 'अमुराई' नामक गाँव से होता है। यह गाँव केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं है, बल्कि उस समूचे भारतीय समाज का प्रतीक है जो अपनी पारंपरिक सहजता, आत्मीयता और लोक-संस्कारों को छोड़कर आधुनिकीकरण और प्रतिष्ठा की अंधी होड़ में शामिल हो चुका है। अमुराई गाँव के लोग इस बात पर गर्व करते हैं कि उनका गाँव 'डॉक्टरों और इंजीनियरों का गाँव' बन चुका है। लेकिन इस गर्व के पीछे छिपे वीराने, एकाकीपन और सिसकते हुए बचपन को देखने की दृष्टि समाज के पास नहीं है। सफलता की यह परिभाषा इतनी संकीर्ण है कि जो बच्चा इस खांचे में फिट नहीं बैठता, समाज उसे अनुपयोगी और तिरस्कृत मान लेता है। 'भावेश जो कह न सका' इसी विसंगति पर कड़ा प्रहार करता है और पाठक को यह सोचने पर विवश करता है कि क्या शिक्षा का उद्देश्य जीवन को संवारना है या जीवन को असमय समाप्त कर देना?

​उपन्यास का मूल स्वर इसी अनकही पीड़ा, दो पीढ़ियों के बीच के संवादाहीनता के महाशून्य और पारिवारिक दमन के इर्द-गिर्द घूमता है। डॉ. नेगी ने इस रचना के माध्यम से अभिभावकों और नीति-निर्माताओं के सामने एक ऐसा आईना रखा है, जिसमें सफलता का चमकता हुआ चेहरा भीतर से कितना रक्तरंजित और क्रूर है, यह स्पष्ट दिखाई देता है।

​डॉ. सूरज सिंह नेगी का उपन्यास ‘भावेश जो कह न सका’ संरचनात्मक दृष्टि से पाँच सुगठित खंडों में विभाजित है। उपन्यास की कथा-संरचना अत्यंत व्यवस्थित, गतिशील और बहुआयामी है, जो पाठक को प्रथम पृष्ठ से ही अपने आगोश में ले लेती है। औपन्यासिक कथानक का प्रस्थान बिंदु ‘अमुराई’ नामक एक लघु ग्रामीण अंचल है। यह गाँव केवल एक भौगोलिक पृष्ठभूमि भर नहीं है, अपितु भारतीय ग्रामीण समाज के उस मानस का प्रतिनिधित्व करता है , जो आधुनिकीकरण और प्रतिष्ठा की अंधी होड़ में अपनी मौलिक पहचान खोता जा रहा है। उपन्यास का आरंभ गाँव के मध्य बने ऐतिहासिक चबूतरे की चौपाल से होता है, जहाँ प्रतिदिन शाम को ग्रामीणों की पंचायत और अनौपचारिक चर्चाएँ जमती हैं।

​ अमुराई गाँव का सामाजिक वातावरण एक विशेष प्रकार के उन्माद और संकीर्ण गौरव-बोध से ग्रस्त है। गाँव के लोग आत्ममुग्धता के साथ यह बखान करते हैं कि उनका अंचल अब ‘डॉक्टरों और इंजीनियरों का गाँव’ बनकर ख्याति प्राप्त कर चुका है। इस तथाकथित साख को बनाए रखने के लिए गाँव का प्रत्येक परिवार एक अदृश्य और निर्मम सामाजिक दबाव के अधीन जी रहा है।

हर माता-पिता का एकमात्र ध्येय अपने बच्चों को तकनीकी या चिकित्सकीय शिक्षा की भट्टी में झोंकना बन गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होने वाले विद्यार्थियों के सार्वजनिक अभिनंदन समारोह आयोजित किए जाते हैं, जो अन्य बालकों और उनके अभिभावकों पर एक मनोवैज्ञानिक दबाव उत्पन्न करते हैं। इस वातावरण में यदि कोई व्यक्ति बच्चों की व्यक्तिगत रुचि, मानवीय संवेदना अथवा साहित्य-कला जैसे वैकल्पिक क्षेत्रों की बात करता है, तो समाज उसे त्याज्य और विष समान समझता है।

​ गाँव के प्रतिष्ठित व्यक्ति धनंजय बाबू भी इसी रुग्ण सामाजिक प्रतिष्ठा के शिकार हैं। वे अपने पुत्र भावेश को केवल एक माध्यम मानते हैं, जिसके कंधे पर बंदूक रखकर वे अपने सामाजिक वर्चस्व की पुष्टि करना चाहते हैं। धनंजय बाबू की महत्वाकांक्षा इतनी कठोर और अपरिवर्तनीय है कि वे भावेश की आंतरिक प्रतिभा, उसकी संवेदनशीलता और उसके साहित्यकार बनने के सपने को पूरी तरह कुचल देते हैं। वे भावेश को कोटा के एक बड़े कोचिंग संस्थान में जबरन भेजते हैं और विदा करते समय यह निर्मम आदेश सुनाते हैं कि 'घर जब आओ तो इंजीनियर बन कर ही आना, इससे पहले नहीं!' यह फरमान भावेश के लिए घर वापसी के सारे मानवीय मार्ग बंद कर देता है और उसे एकाकीपन के गहरे दलदल में धकेल देता है।

​शिल्प की दृष्टि से उपन्यासकार ने यहाँ वर्तमान और फ्लैशबैक की तकनीकों का उत्कृष्ट सम्मिश्रण किया है। कथा निरंतर एकरेखीय न होकर समय की विभिन्न परतों में आवाजाही करती है। एक ओर जहाँ कोटा का दमघोंटू, यांत्रिक और तनावग्रस्त वातावरण है, वहीं दूसरी ओर अमुराई गाँव के अतीत की वे स्मृतियाँ हैं जिनमें बचपन का उन्मुक्त उल्लास, आत्मीयता और मासूमियत रची-बसी थी। उपन्यास में गाँव का यह परिवर्तन अत्यंत व्यथाकारी है कि जो गाँव कभी जीवन-रस से लबरेज़ था, वह अब सफलता की अंधी दौड़ के कारण 'बूढ़ों का गाँव' बनकर रह गया है, क्योंकि युवा पीढ़ी महानगरों या विदेशों में पलायन कर चुकी है और पीछे छूट गए हैं अकेले, उपेक्षित और सन्नाटे से जूझते वृद्ध माता-पिता।

​ उपन्यासकार ने कथा के प्रवाह को अत्यंत स्वाभाविक और निर्बाध रखा है। कथानक किसी कृत्रिम नाटकीयता का सहारा लिए बिना यथार्थवादी घटनाओं के क्रमिक विकास के साथ आगे बढ़ता है, जिससे पाठक के मन में भावेश के प्रति गहरी करुणा और व्यवस्था के प्रति गहरा विक्षोभ उत्पन्न होता है।

​ उपन्यास का केंद्रीय पात्र भावेश समकालीन भारत के उन हज़ारों-लाखों किशोरों का मूर्त रूप है, जिनकी व्यक्तिगत प्रतिभा, मौलिक सोच और नैसर्गिक रुचियों को परिवार तथा समाज की सामूहिक महत्वाकांक्षाओं के क्रूर पहियों तले कुचल दिया जाता है। भावेश मूलतः एक भावुक, चिंतनशील और सृजनधर्मी व्यक्तित्व का किशोर है। उसके अंतर्मन में एक संवेदनशील साहित्यकार और लेखक बनने की प्रबल अभिलाषा स्पंदित हो रही थी। वह शब्दों, मानवीय अनुभूतियों और संवेदनाओं की दुनिया में सांस लेना चाहता था। किंतु उसके पिता धनंजय बाबू के लिए शिक्षा केवल सामाजिक दर्प, प्रतिष्ठा और आर्थिक लाभ का साधन थी। उनके कठोर और एकपक्षीय निर्णय ने भावेश के पंखों को उस समय काट दिया, जब वह जीवन के वास्तविक फलक पर अपनी उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।

​ कोटा का परिवेश उपन्यास में किसी भौगोलिक नगर के रूप में नहीं, बल्कि एक ऐसे दैत्याकार मनोवैज्ञानिक कारागार के रूप में उपस्थित होता है जहाँ संवेदनाओं का दम घुटता है। वहाँ पहुँचकर भावेश स्वयं को एक निर्मम ‘भीड़’ के बीच फँसा हुआ पाता है। यह भीड़ उन छात्रों की है जो अपनी इच्छा से नहीं, बल्कि अभिभावकों के थोपे गए सपनों का बोझ उठाकर एक अंधी ‘भेड़-चाल’ में भागने को विवश हैं। भावेश की अंतरात्मा इस यांत्रिक और अमानवीय वातावरण का निरंतर प्रतिकार करती है। जहाँ अन्य बच्चे अंकों और रैंक की होड़ में लगे हैं, वहीं भावेश का कोमल मन अकेलेपन, अजनबीपन और भय के साए में घिर जाता है। उसे कोचिंग संस्थानों की अंधी प्रतिस्पर्धा और संकीर्ण दिनचर्या से घिन होने लगती है।

​ उपन्यासकार डॉ. नेगी ने भावेश के आंतरिक द्वंद्व और तनाव के अवसाद में परिवर्तित होने की प्रक्रिया का अत्यंत सूक्ष्म एवं प्रमाणिक मनोवैज्ञानिक चित्रण किया है। जब एक किशोर अपनी मानसिक पीड़ा और घबराहट को साझा करने के लिए सबसे सुरक्षित स्थान; अपने घर और माता-पिता की ओर देखता है, तो वहाँ से भी उसे केवल अपेक्षाओं और आदेशों की दीवार मिलती है।

उपन्यास का वह प्रसंग अत्यंत कारुणिक है जब भावेश दीपावली के पावन पर्व पर केवल एक दिन के लिए अपने घर लौटने की मिन्नत करता है। वह अपनी माँ के हाथ के पकवानों की महक, घर का अपनापन और बाबूजी का स्नेहिल स्पर्श चाहता था ताकि वह उस दमघोंटू माहौल से कुछ पल के लिए मुक्ति पा सके। किंतु फ़ोन पर बाबूजी का प्रत्युत्तर उसकी सारी आशाओं को ध्वस्त कर देता है। बाबूजी के लिए त्यौहार ‘पढ़ाई के हर्ज’ से अधिक कुछ नहीं थे और वे केवल पैसों की आपूर्ति करके अपने कर्त्तव्य की इतिश्री समझ लेते हैं।

​ इस भावनात्मक अवरोध के कारण भावेश के भीतर संवादहीनता की गहरी खाई निर्मित हो जाती है। जब एक संवेदनशील मन अपनी व्यथा को वाणी देने में असमर्थ हो जाता है, तब अवसाद गहराता जाता है। भावेश कई रातों तक सो नहीं पाता, वह अनिद्रा और भयंकर मानसिक बेचैनी का शिकार होकर नींद की गोलियों का सहारा लेने लगता है। वह समाज और परिवार के सामने अपनी असहमति दर्ज नहीं करा पाता क्योंकि आज्ञाकारिता के पारंपरिक संस्कारों ने उसकी जुबान पर ताला लगा दिया था। यह द्वंद्व जहाँ एक तरफ पिता की आज्ञा का पालन करने का नैतिक दबाव है और दूसरी तरफ अपनी आत्म-पहचान खोने का असहनीय दर्द, अंततः उसे मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ देता है।

​ भावेश का अवसाद केवल उसकी व्यक्तिगत कमजोरी नहीं है, बल्कि यह उस निर्मम व्यवस्था की देन है जहाँ बच्चों से रोबोट बनने की अपेक्षा की जाती है। डॉ. सूरज सिंह नेगी ने भावेश के चरित्र के माध्यम से यह स्पष्ट किया है कि जब माता-पिता बच्चों के दिल में झाँकने के बजाय केवल उनके दिमाग और परिणामों का हिसाब लगाने लगते हैं, तब परिणाम भावेश जैसी असमय और त्रासद मौत के रूप में ही सामने आते हैं।

​ उपन्यास ‘भावेश जो कह न सका’ में पत्रात्मक तकनीक का प्रयोग केवल एक शिल्पगत युक्ति भर नहीं है, बल्कि यह पात्रों के अतल अंतर्मन में दबी उन सच्चाइयों को उद्घाटित करने का सशक्त माध्यम है, जिन्हें वे जीते-जी प्रत्यक्ष संवाद में व्यक्त नहीं कर सके। उपन्यास का यह खंड अत्यंत मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाला है, जहाँ दो पत्र संपूर्ण कथा के वैचारिक और संवेदनात्मक केंद्र बन जाते हैं; पहला भावेश का अपने पिता के नाम अंतिम सुसाइड नोट रूपी पत्र, और दूसरा मास्टर किशन सिंह का धनंजय बाबू को प्रेषित पत्र।

​ भावेश का पत्र एक सुकोमल आत्मा का वह करुण आर्तनाद है, जो व्यवस्था और पारिवारिक दमन के सम्मुख घुटने टेकने से पूर्व अपनी अंतिम गवाही दर्ज करता है। चम्बल नदी में कूदकर अपनी इहलीला समाप्त करने से पूर्व एक कॉपी में लिखा गया यह पत्र धनंजय बाबू की खोखली प्रतिष्ठा और कथित पितृ-अधिकार पर एक ऐसा नैतिक अभियोग है, जो उन्हें उम्र भर के लिए आत्मग्लानि के कटघरे में खड़ा कर देता है। भावेश अपने पिता की व्यापारिक और नफ़ा-नुक़सान वाली मानसिकता को अत्यंत मार्मिक शब्दों में रेखांकित करता है। वह लिखता है कि इंसान को केवल दिमाग से नहीं, अपितु दिल की संवेदनाओं से भी सोचना चाहिए। जब वह अपने पिता से प्रश्न करता है- "काश! आप मेरे सिर पर प्यार से हाथ रखकर एक बार ही सही, पूछ तो लेते कि मैं क्या चाहता हूँ..." -तो यह पंक्ति समूची पितृसत्तात्मक और अधिकारवादी व्यवस्था के मर्म पर चोट करती है।

​ भावेश का यह स्वीकारोक्ति-पत्र केवल अपनी व्यथा का वर्णन नहीं करता, बल्कि यह सिद्ध करता है कि- उसका अंत एक व्यक्तिगत 'आत्महत्या' नहीं, अपितु समाज द्वारा की गई एक 'संस्थागत हत्या' थी। उसका यह लिखना कि "मेरा जीवन आपकी महत्वाकांक्षाओं की भेंट चढ़ गया" पाठक के रोंगटे खड़े कर देता है। पत्र में निहित आत्म-धिक्कार और पिता के प्रति बची रह गई अंतिम विवशता पाठक के हृदय में गहरी करुणा और व्यवस्था के विरुद्ध तीव्र आक्रोश भर देती है।

​इसके समानांतर, स्कूल के शिक्षक मास्टर किशन सिंह का पत्र उपन्यास में एक निष्पक्ष, नैतिक और दार्शनिक विवेक की आवाज़ बनकर उभरता है। मास्टर किशन सिंह केवल एक शिक्षक नहीं हैं, बल्कि वे उस व्यवस्था के गवाह हैं जो बच्चों की मानसिक स्थिति को देखकर भी मूक बनी रहती है। जब थानेदार का फोन मास्टर किशन सिंह को यह सूचना देता है कि "भावेश ने चम्बल में कूद कर आत्महत्या कर ली!", तो यह संवाद पूरे उपन्यास का सबसे भारी और स्तब्धकारी क्षण बन जाता है।

​ मास्टर किशन सिंह अपने पत्र के माध्यम से धनंजय बाबू ही नहीं, बल्कि पूरे समकालीन समाज और शैक्षणिक तंत्र को आईना दिखाते हैं। उनका यह कथन व्यवस्था की नब्ज पर सटीक प्रहार करता है- ​"सच पूछिए तो मुझे आप पर ही नहीं आज की व्यवस्था पर तरस आ रहा है। आज हम एक ऐसे समाज में जी रहे हैं जहाँ अपनी कमजोरियों, अपनी असफलताओं को अपनी औलाद पर थोपने का चलन बन चुका है... सपने देखना बुरी बात नहीं, लेकिन बच्चों को सपने देखने दें। उन पर लादें नहीं।"

​ मास्टर साहब का यह पत्र स्पष्ट करता है कि भावेश केवल एक आज्ञाकारी पुत्र बनकर अपनी पहचान खो चुका था और जब उसके पास जीने का कोई मानवीय कारण नहीं बचा, तब उसने मृत्यु को गले लगाया। यह पत्रात्मक संरचना उपन्यास को एक साधारण कथा से ऊपर उठाकर एक गंभीर सामाजिक घोषणा-पत्र में रूपांतरित कर देती है।

​ उपन्यास ‘भावेश जो कह न सका’ में पात्रों का संयोजन अत्यंत संतुलित, विचारोत्तेजक और समाजशास्त्रीय दृष्टिकोण से समृद्ध है। लेखक डॉ. सूरज सिंह नेगी ने पात्रों को केवल श्वेत या श्याम (सकारात्मक या नकारात्मक) खांचों में बाँटने के बजाय उनके अंतर्मन की जटिलताओं, सामाजिक अनुकूलन और मनोवैज्ञानिक सीमाओं को पूरी प्रामाणिकता के साथ उभारा है।

औपन्यासिक धरातल पर दो स्पष्ट वैचारिक खेमे दिखाई देते हैं, जिनके टकराव से कथा का मूल द्वंद्व विकसित होता है-
​1. धनंजय बाबू एवं रुक्मणी देवी (रूढ़िवादी एवं महत्वाकांक्षी दृष्टि):-
धनंजय बाबू उस पितृसत्तात्मक और सामाजिक दर्प से ग्रस्त पीढ़ी के प्रतिनिधि हैं, जिनके लिए बच्चों की सफलता व्यक्तिगत खुशी का माध्यम न होकर सामाजिक प्रदर्शन की वस्तु होती है। वे एक ऐसे व्यापारी की तरह व्यवहार करते हैं जो पारिवारिक संबंधों को भी 'लाभ-हानि' और 'प्रतिष्ठा के निवेश' की तराजू पर तौलता है। उनका कठोर स्वभाव और संवादहीनता भावेश को भीतर तक कुचल देती है। वहीं रुक्मणी देवी उस पारंपरिक मातृ-सत्ता की विवशता को दर्शाती हैं, जो पितृसत्तात्मक कठोरता के आगे मूक दर्शक बनी रहती हैं और अनजाने में बच्चे पर दबाव का हिस्सा बन जाती हैं।

धनंजय बाबू अंततः कोई 'खलनायक' नहीं हैं; वे उस सामाजिक व्यवस्था के शिकार हैं जिसने सफलता की परिभाषा को केवल तकनीकी उपाधियों तक सीमित कर दिया है। बेटे की मृत्यु के बाद उनकी आत्मग्लानि और पश्चाताप पाठक के मन में गहरा क्षोभ और करुणा दोनों उत्पन्न करता है।

​ 2. मास्टर किशन सिंह एवं आशुतोष (संवेदनशील एवं मानवीय विवेक):-
मास्टर किशन सिंह इस उपन्यास की नैतिक रीढ़ हैं। वे एक आदर्श शिक्षक की भूमिका में हैं, जो छात्र को अंकों या उपाधियों से नहीं, बल्कि उसकी मानवीय संवेदना, नैसर्गिक क्षमता और आंतरिक गुणों से पहचानते हैं। वे समाज के दकियानूसी मानदंडों को चुनौती देते हैं और शिक्षा के वास्तविक अर्थ; मनुष्यता का विकास को रेखांकित करते हैं। इसी प्रकार, आशुतोष एक ऐसे प्रगतिशील अभिभावक के रूप में सामने आते हैं जो अपने बच्चे की इच्छाओं का आदर करते हैं, न कि उस पर अपने अधूरे सपनों का बोझ लादते हैं।

​3. भावेश एवं मोहित (दो समानांतर जीवन-दिशाएँ):-
उपन्यास में भावेश और उसके बालसखा मोहित के माध्यम से लेखक ने एक बहुत ही सार्थक वैचारिक तुलना प्रस्तुत की है। जहाँ भावेश अभिभावकीय दमन और जबरन थोपे गए कॅरियर के कारण अवसाद की बलि चढ़कर असमय काल-कवलित हो जाता है, वहीं मोहित को उसके माता-पिता द्वारा अपनी रुचि के अनुसार अध्ययन करने की स्वतंत्रता और अटूट विश्वास मिलता है। परिणामस्वरूप, मोहित प्रशासनिक सेवा (RAS/IAS) में चयनित होकर सफलता का वरण करता है। यह तुलना अकाट्य रूप से प्रमाणित करती है कि बच्चे की विफलता या सफलता उसके 'अंकों' पर नहीं, बल्कि उसे मिलने वाले प्रेम, स्वतंत्रता और संबल पर निर्भर करती है।

​ 4. सहायक पात्र (नीना मेम, नरेश, ऋचा):-
उपन्यास के सहायक पात्र भी कथा को मानवीय गरिमा और व्यापकता प्रदान करते हैं। नीना मेम और नरेश जैसे चरित्र आत्मीयता और सहानुभूति के प्रतीक हैं। वहीं मोहित की जीवनसंगिनी ऋचा के साथ जब वह अमुराई गाँव लौटता है, तो वे संवाद गाँव के उजड़ते स्वरूप और 'बूढ़ों के गाँव' की त्रासदी को मार्मिक ढंग से उद्घाटित करते हैं। मोहित का अमुराई को पुनर्जीवित करने का संकल्प उपन्यास को निराशावाद से उबारकर एक सकारात्मक और रचनात्मक दिशा की ओर मोड़ता है।
​पात्रों का यह बहुआयामी चित्रण दर्शाता है कि लेखक ने मानवीय स्वभाव की जटिलताओं को सामाजिक परिस्थितियों के आलोक में अत्यंत सूक्ष्मता से परखा है।

​ किसी भी औपन्यासिक कृति की कलात्मक सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि उसकी अंतरवस्तु और उसका शिल्प किस हद तक एक-दूसरे के पूरक बनकर उभरे हैं। डॉ. सूरज सिंह नेगी का उपन्यास ‘भावेश जो कह न सका’ केवल अपने कथ्य की गंभीरता के कारण ही नहीं, बल्कि अपनी विशिष्ट भाषा-शैली और नवीन शिल्पगत प्रयोगों के कारण भी हिंदी कथा-साहित्य में एक अनूठा स्थान रखता है।

उपन्यास की भाषा-शैली अत्यंत सहज, सरल, प्रवाहमयी और परिवेश-अनुकूल है। ग्रामीण अंचल (अमुराई गाँव) के दृश्यों, वहाँ की चौपाल संस्कृति, लोक-व्यवहार और पारिवारिक संवादों को चित्रित करते समय लेखक ने जिस लोक-भाषा की सुवास का प्रयोग किया है, वह पाठक को सीधे उस भौगोलिक और सांस्कृतिक यथार्थ से जोड़ देती है। भाषा में कृत्रिमता का सर्वथा अभाव है। पात्रों की सामाजिक स्थिति और मानसिक स्तर के अनुसार उनकी बोलचाल की भाषा में जो स्वाभाविक बदलाव दिखाई देता है, वह रचनाकार की भाषा पर गहरी पकड़ का परिचायक है। चाहे धनंजय बाबू का कठोर और आदेशात्मक लहजा हो, मास्टर किशन सिंह की दार्शनिक और संवेदनशील शब्दावली हो, या भावेश का अंतर्मन में गूँजता हुआ मौन आर्तनाद भाषा हर जगह अपनी पूरी सार्थकता के साथ उपस्थित है।

कथा-संरचना के स्तर पर डॉ. नेगी ने पारंपरिक एकरेखीय कथा-प्रवाह से परे जाकर आधुनिक कथा-शिल्प का बहुत ही परिपक्व उपयोग किया है। उपन्यास कभी वर्तमान के रूखे यथार्थ में साँस लेता है, तो कभी फ्लैशबैक के माध्यम से अतीत की उन कोमल और खट्टी-मीठी स्मृतियों में प्रवेश कर जाता है जो पात्रों के अवचेतन मन में गहरे तक बैठी हैं।

विदुषी साहित्यकार डॉ. इंदु गुप्ता ने उपन्यास की भूमिका में इसके शिल्प की इस विशेषता का रेखांकन करते हुए ठीक ही कहा है कि- उपन्यासकार ने यथार्थ के अंकन के लिए 'चेतना-प्रवाह' और फ्लैशबैक का विलक्षण प्रयोग किया है। भावेश का अंतर्द्वंद्व, उसकी घुटन, और कोटा के अनचाहे परिवेश में उसकी मानसिक छटपटाहट को पाठकों तक पहुँचाने के लिए चेतना-प्रवाह तकनीक अत्यंत प्रभावी सिद्ध हुई है। पाठक पात्रों के साथ केवल घटनाओं को देखता नहीं है, बल्कि उनके मानसिक धरातल पर उतरकर उनके दर्द को भोगता है।

प्रसिद्ध फ्रांसीसी रचनाकार पाल वैलरे का यह कथन कि- "एक अच्छा उपन्यास अंततः संगीत होता है," इस कृति पर पूरी तरह चरितार्थ होता है। उपन्यास के ताने-बाने में यथास्थान पटरियों और पत्रों का जो विन्यास किया गया है; विशेषकर भावेश का अंतिम पत्र और मास्टर किशन सिंह का पत्र, उससे कथा में एक विशेष प्रकार की सांगीतिक लय पैदा होती है। यह सांगीतिकता आख्यान को एकरस होने से बचाती है और उसमें तीव्रता, उतार-चढ़ाव तथा संवेदनात्मक स्पंदन का एक अनूठा सौंदर्यबोध भर देती है।
​
इस उपन्यास की शिल्पगत विशिष्टताओं में इसकी 'सूक्तिबद्धता' को विशेष रूप से रेखांकित किया जाना चाहिए। संपूर्ण कृति में ऐसे अनेक गंभीर, दार्शनिक और विचारोत्तेजक कथन बिखरे पड़े हैं जो सूत्र रूप में जीवन और समाज के कड़वे सत्यों को उजागर करते हैं। भाषा की यह संक्षिप्तता और अर्थ-गांभीर्य उपन्यास को केवल एक कहानी न रखकर एक उच्च कोटि का वैचारिक ग्रंथ बना देता है, जो पाठक के मन-मस्तिष्क को झकझोर कर रख देता है।

​ डॉ. सूरज सिंह नेगी का उपन्यास ‘भावेश जो कह न सका’ केवल एक काल्पनिक कथा-संसार का निर्माण नहीं करता, अपितु यह समकालीन भारतीय समाज की दुखती रग पर उंगली रखकर गंभीर सामाजिक-सांस्कृतिक आत्ममंथन की मांग करता है।

इक्कीसवीं सदी का भारतीय समाज संक्रमण के जिस दौर से गुजर रहा है, उसमें पारंपरिक मानवीय मूल्य, पारिवारिक आत्मीयता और सह-अस्तित्व की भावना धीरे-धीरे लुप्त हो रही है और उनका स्थान संकीर्ण आर्थिक उपयोगितावाद, आत्मकेंद्रित महत्वाकांक्षा और खोखले सामाजिक प्रदर्शन ने ले लिया है।

​ 1. अभिभावकीय महत्वाकांक्षा और पारिवारिक संबंधों का विखंडन:-
उपन्यासकार ने अपनी प्रस्तावना और आख्यान में अत्यंत तीखा और विचारोत्तेजक प्रश्न उठाया है- “आखिर इन सबके लिए कौन है दोषी?” जब बच्चों को रिश्तों के प्रति संवेदनशील होना, दूसरों के मनोभावों का आदर करना और जीवन के सौंदर्य को महसूस करना सिखाया जाना चाहिए था, तब समाज और अभिभावक उन्हें केवल 'रेस के घोड़े' की तरह दौड़ना और हर कीमत पर जीतना सिखाते हैं।

उपन्यास यह कड़वा सच उजागर करता है कि जब बच्चों को केवल सफलता की मशीन समझा जाता है, तो बड़े होकर वे भी पूरी तरह असंवेदनशील और आत्मघाती हद तक व्यावहारिक बन जाते हैं। इसका भयावह परिणाम समाज में यह देखने को मिलता है कि माता-पिता की वृद्धावस्था में बच्चे उनके अंतिम संस्कार तक में शामिल नहीं होते, वृद्ध माता-पिता को वृद्धाश्रमों, मंदिरों, तीर्थ स्थलों या बस अड्डों पर लावारिस छोड़ दिया जाता है, और यहाँ तक कि माता-पिता की चिता के सामने भी संपत्ति के बंटवारे की सौदेबाजी की जाती है। डॉ. नेगी का यह उपन्यास अभिभावकों को सचेत करता है कि यदि वे आज बच्चों की संवेदनाओं को कुचलेंगे, तो कल स्वयं उसी असंवेदनशीलता का शिकार बनेंगे।

​ 2. ‘बूढ़ों का गाँव’, पलायन और उजड़ते ग्रामीण समाज का मर्मस्पर्शी यथार्थ:-
उपन्यास में अमुराई गाँव के माध्यम से भारतीय गाँवों की उस त्रासद नियति को चित्रित किया गया है, जहाँ से युवा पीढ़ी महानगरों या विदेशों में पलायन कर जाती है और पीछे छूट जाता है सन्नाटा और बूढ़े माँ-बाप का अकेलापन। यह 'बूढ़ों का गाँव' अमुराई आधुनिक विकास के उस खोखले मॉडल का प्रतीक है, जो भौतिक समृद्धि तो लाता है, किंतु सामाजिक जड़ों और पारिवारिक रस को पूरी तरह सुखा देता है। जब मोहित गाँव लौटकर अमुराई को पुनर्जीवित करने का संकल्प लेता है, तो उपन्यासकार यहाँ एक रचनात्मक और सकारात्मक दिशा का संकेत देते हैं कि आधुनिकता और सफलता का अर्थ अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी और मानवीय संबंधों से कटना नहीं होना चाहिए।

​ 3. कोचिंग संस्कृति, प्रतियोगी उन्माद एवं किशोर विमर्श:-
आज देश के शैक्षणिक परिदृश्य में, विशेष रूप से कोटा जैसे कोचिंग केंद्रों में, किशोरों द्वारा की जाने वाली आत्महत्याएं एक राष्ट्रीय चिंता का विषय बन चुकी हैं। भावेश की त्रासदी उन तमाम अनाम किशोरों का चेहरा बनकर सामने आती है, जो अंकों के दबाव और माता-पिता के 'आदेशों' के बोझ तले दम तोड़ देते हैं। उपन्यास समाज को यह स्पष्ट संदेश देता है कि शिक्षा का उद्देश्य बच्चे के भीतर के 'इंसान' को जीवित रखना और उसकी मौलिकता को विकसित करना है, न कि उसे किसी अन्य के सपनों का बंधक बनाना।
​डॉ. इंदु गुप्ता के शब्दों में, यह कृति “किशोर, लिंग और जातिगत विमर्शों के जड़ पड़े दरवाज़ों को खटखटाकर इस दिशा में संवेदनशीलता के नए गवाक्ष खोलने में अहम् भूमिका निभाती है।” यह उपन्यास हर माता-पिता, शिक्षक और नीति-निर्माता के लिए एक अनिवार्य वैचारिक पाठ है।
​
​ डॉ. सूरज सिंह नेगी द्वारा रचित उपन्यास ‘भावेश जो कह न सका’ समकालीन हिंदी औपन्यासिक परिदृश्य में एक युगांतरकारी और वैचारिक रूप से मील का पत्थर साबित होने वाली कृति है। यह उपन्यास केवल मनोरंजन या कोरी कल्पना का आख्यान प्रस्तुत नहीं करता, बल्कि एक सजग और प्रतिबद्ध रचनाकार की उस सामाजिक चिंता को वाणी देता है जो आज के दौर में पारिवारिक और शैक्षणिक संस्थाओं के सामने एक गंभीर चुनौती बनकर खड़ी है।

समग्र रूप से देखने पर यह कृति विषय-चयन, शिल्प-सौष्ठव और संवेदनात्मक सघनता के धरातल पर अत्यंत उत्कृष्ट बन पड़ी है। उपन्यास का कथानक अत्यंत कसा हुआ और सुगठित है, जहाँ व्यर्थ के विस्तार या अस्वाभाविक प्रसंगों के लिए कोई स्थान नहीं है। पत्रात्मक शैली, चेतना-प्रवाह तकनीक और फ्लैशबैक का जो संश्लिष्ट प्रयोग लेखक ने किया है, वह आख्यान को निरंतर गतिशीलता और बहुआयामी प्रभाव प्रदान करता है। भावेश का मौन क्रंदन और उसका अंतिम पत्र हर उस पाठक की आत्मा को झकझोर देता है जो आज की उपभोक्तावादी और अमानवीय सफलता की दौड़ में अपनी संवेदनशीलता खो चुका है।

डॉ. सूरज सिंह नेगी की साहित्यिक यात्रा उनके गहरे जीवन-अनुभवों और समाजशास्त्रीय समझ से समृद्ध है। मूलतः उत्तराखंड के अल्मोड़ा (नैकाना गाँव) में जन्मे और चार दशकों से अधिक समय से राजस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था में कार्यरत डॉ. नेगी ने समाज के यथार्थ को केवल बाहर से देखा नहीं है, बल्कि उसके तंत्र और मानवीय विसंगतियों को अत्यंत निकटता से अनुभूत किया है। वाणिज्य में शोध (पीएच.डी.) और प्रशासनिक दायित्वों के बीच उनका सृजन-संसार निरंतर मानवीय मूल्यों की प्रतिष्ठा के लिए समर्पित रहा है।

​ उनके पूर्ववर्ती उपन्यास—‘रिश्तों की आँच’, ‘वसीयत’, ‘नियति चक्र’, ‘ये कैसा रिश्ता’, ‘सांध्य पथिक’, कहानी संग्रह ‘पापा फिर कब आओगे’ तथा संस्मरण ‘मेरी ईजा’—विभिन्न भारतीय भाषाओं (राजस्थानी, उर्दू, गुजराती, मराठी) में अनूदित होकर व्यापक स्तर पर सराहे जा चुके हैं।

‘भावेश जो कह न सका’ उनकी कथा-यात्रा का एक ऐसा शिखर है, जहाँ उनका प्रशासनिक यथार्थबोध और एक पिता/सृजक का संवेदनशील हृदय एकाकार होकर समाज को एक स्पष्ट दिशा-बोध प्रदान करता है।
​
‘भावेश जो कह न सका’ केवल एक चेतावनी नहीं, बल्कि एक करुणा-सिक्त आह्वान है कि- हम अपने बच्चों को अंकों, रैंकों और संकीर्ण प्रतिष्ठा की बलि-वेदी पर चढ़ाना बंद करें। बच्चों को उनकी नैसर्गिक मौलिकता के साथ जीने और सांस लेने का अधिकार मिलना ही चाहिए।

यह उपन्यास प्रत्येक संवेदनशील पाठक, अभिभावक, शिक्षक और समाज के नीति-निर्माता के लिए एक अनिवार्य दस्तावेज है जो मानवीय संबंधों में प्रेम, संवाद और स्वतंत्रता के महत्त्व को पुनः स्थापित करता है।

*********(समाप्त)*********

​पुस्तक : "भावेश जो कह न सका"
विधा : उपन्यास
​लेखक : डॉ. सूरज सिंह नेगी
​प्रकाशक : पुस्तकनामा, गाजियाबाद (उ. प्र.)
संस्करण : पेपरबैक
मूल्य : ₹ 500/-

****************************

जानिब से...

​-डॉ. प्रमोद सागर
(प्रबन्ध निदेशक)
किताबगंज प्रकाशन समूह
Gazalganj ग़ज़लगंज
गंगापुर सिटी-322201 (राजस्थान)

WhatsApp: +91 087506 60105

ईमेल: [email protected]


30/08/2026
On Guru Purnima, Kitabganj Prakashan expresses gratitude for guiding minds through our Vedic Astrology books. Trust our ...
29/07/2026

On Guru Purnima, Kitabganj Prakashan expresses gratitude for guiding minds through our Vedic Astrology books. Trust our book publication services gangapur to foster learning and respect in spiritual knowledge.

Kitabganj Prakashan Samooh is a trusted book publisher in Gangapur, specializing in Spiritual and Occultism Books, Vedic...
08/07/2026

Kitabganj Prakashan Samooh is a trusted book publisher in Gangapur, specializing in Spiritual and Occultism Books, Vedic Astrology, Hindi Literature, and more.

Kitabganj Prakashan Samooh specializes in Hindi Literature Books, enriching readers with a wide range of spiritual, occu...
07/07/2026

Kitabganj Prakashan Samooh specializes in Hindi Literature Books, enriching readers with a wide range of spiritual, occult, and Vedic Astrology Books to deepen knowledge and culture.

Kitabganj Prakashan Samooh specializes in Hindi Literature Books and Vedic Astrology Books, offering a rich collection o...
04/07/2026

Kitabganj Prakashan Samooh specializes in Hindi Literature Books and Vedic Astrology Books, offering a rich collection of spiritual, occult, and non-fiction titles for avid readers.

Kitabganj Prakashan Samooh specializes in Vedic Astrology Books and Face Reading Body Language guides, offering insights...
02/07/2026

Kitabganj Prakashan Samooh specializes in Vedic Astrology Books and Face Reading Body Language guides, offering insights into spiritual, occult, and Hindi literature for curious minds.

Address

ICS (Raymond Showroom), Radha Krishna Market, Devi Store Chouraha
Gangapur City
322201

Opening Hours

Monday 10am - 5pm
Tuesday 10am - 5pm
Wednesday 10am - 5pm
Thursday 10am - 5pm
Friday 10am - 5pm
Saturday 10am - 5pm
Sunday 12pm - 4pm

Telephone

+918750660105

Website

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Gazalganj ग़ज़लगंज posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to Gazalganj ग़ज़लगंज:

Shortcuts

Share