04/10/2026
#कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री #प्रतियोगिता में #भरावन की #शिक्षिका ने हासिल किया #प्रथम_स्थान
________________________________________________
#हरदोई। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), हरदोई में आयोजित कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री प्रतियोगिता में भरावन विकासखंड की शिक्षिका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्राथमिक वर्ग के भाषा विषय में प्राथमिक विद्यालय टांड़खेड़ा की शिक्षिका श्रीमती रेनू सिंह ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा, नवाचार एवं प्रभावी शिक्षण कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों ने कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री के माध्यम से शिक्षण को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने के अपने-अपने मॉडल और प्रस्तुतियां प्रस्तुत कीं। रेनू सिंह की प्रस्तुति को निर्णायक मंडल ने सराहते हुए उन्हें जनपद स्तर पर प्रथम स्थान प्रदान किया।
प्रथम स्थान प्राप्त करने के साथ ही श्रीमती रेनू सिंह का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, शिक्षक समुदाय एवं भरावन क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
खण्ड शिक्षा अधिकारी भरावन राजेन्द्र सिंह ने शिक्षिका को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे भरावन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि रेनू सिंह की रचनात्मकता, नवाचार और शिक्षण कौशल ने उन्हें यह सफलता दिलाई है। उनकी उपलब्धि अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है।