09/08/2017
आइये जानें किसानों के लिए क्या काम करते हैं केवीके
कृषि विज्ञान केंद्र ऐसी संस्थाएं हैं जो किसानों के लिए प्रशिक्षण से लेकर विभिन्न कृषि उत्पादन प्रणालियों के अंतर्गत नई तकनीक, बीज एवं रोपण सामग्री को किसानों के खेत पर परीक्षण आदि करने तक के कार्य करती हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा 19 मार्च 2017 को दी गई जानकारी के अनुसार देश में कृषि विज्ञान केन्द्रों की कुल संख्या 668 हो चुकी है। किसानों के लिए जिला स्तर तक काम करने वाली इन संस्थाओं के बारे में हर किसान को जानकारी होनी चाहिए ताकि वो इनसे लाभ उठा सकें।
केंद्र सरकार का लक्ष्य देश के सभी जिलों में कम से कम एक कृषि विज्ञान केन्द्र बनाने का है। पिछले वर्ष तक देश में कृषि विज्ञान केन्द्रों की संख्या 637 थी। जो अब बढ़कर 668 हो गई है। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्रों पर प्रभावी निगरानी एवं प्रवन्धन के लिए अटारी की संख्या को 8 से बढ़ाकर 11 (नए अटारी- पुणे, पटना, गुवाहटी) कर दी गई है।
केवीके के उद्देश्य एवं गतिविधियां
1.विभिन्न कृषि उत्पादन प्रणालियों के अंतर्गत स्थान विशेष के लिए नई तकनीक, बीज एवं रोपण सामग्री को किसानों के खेत पर परीक्षण करना।
2.किसानों के खेतों पर विभिन्न फसलों, पशुपालन व अन्य कृषि आधारित उद्यमों पर उनकी उत्पादन क्षमता सिद्ध करने के लिए अग्रपंक्ति के प्रदर्शन आयोजित करना एवं जिला कृषि विस्तार कर्मियों के माध्यम से बृहद् प्रसार का कार्य।
3.आधुनिक कृषि प्रौद्दोगिकी में किसानों के ज्ञान व कौशल को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण आयोजित करना।
4.प्रौद्दोगिकी विकास के नवीनतम क्षेत्रों में जिलावार कृषि विस्तार कार्मियों के ज्ञान को बढ़ाने के लिए उन्हें प्रशिक्षण देना।
5.उन्नतशील बीजों का केवीके प्रक्षेत्र पर उत्पादन एवं सीड हब तथा बीज ग्राम कार्यक्रम के माध्यम से किसानों के खेतों पर उत्पादन।
6.प्रौद्योगिकी के प्रसार की प्रक्रिया को तेज करने के लिए बड़े पैमाने पर विभिन्न विस्तार गतिविधियों जैसे किसान मेला, कृषि प्रदर्शनी, प्रौद्योगिकी सप्ताह, मीटिंग, समूह चर्चा, सेमिनार,फसल दिवस, रेडियो व टी.वी. पर चर्चा आदि का आयोजन।
कृषि विज्ञान केंद्र पोर्टल:
कृषि विज्ञान केन्द्रों की ऑनलाइन समीक्षा कर उच्च स्तर पर निगरानी प्रबंधन एवं किसानों को सूचना एवं सलाह उपलब्ध कराने के लिए 8 जुलाई 2016 को कृषि विज्ञान पोर्टल(http://kvk.icar.gov.in) की शुरुआत की जा चुकी है।किसान अपने जिले में स्थित केवीके के बारे में इस पोर्टल से पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह के अनुसार केवीके की सूचना राष्ट्रीय स्तर पर एक जगह उपलब्ध ने होने के कारण किसानों एंव अन्य नागरिकों को सूचना प्राप्त करने में कठिनाई होती थी तथा केवीके जिन उद्देश्यों एवं गतिविधियों के लिए स्थापित किया गया था उसकी ऑनलाइन निगरानी एवं प्रबंधन की भी सुविधा नहीं थी। इस पॉर्टल के माध्यम से किसानों को सूचना एवं सलाह और केवीके की सेवाओं की ऑनलाइन निगरानी भी की जा सकेगी।
पोर्टल की मुख्य विशेषताएं:
1.पोर्टल द्वारा प्रत्येक कृषि विज्ञान केन्द्रों के ऑनलाइन निगरानी का प्रावधान किया गया है जिसके अंतर्गत कृषि विज्ञान केन्द्रों द्वारा नियमित रूप से किए गये कार्यों का विवरण लेना एवं मासिक रूप से प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करना सम्मिलित है।
2.इस पोर्टल के माध्यम से कृषि विज्ञान केन्द्र पर समय-2 पर उपलब्ध होने वाली विभिन्न सेवाओं के बारे जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
3.मौसम एवं बाजार की सूचनाएं भी इस पोर्टल के द्वारा किसान प्राप्त कर सकते हैं।
4.आने वाले कार्यक्रमों का भी विवरण इस वेबसाईट पर उपलब्ध है, जिससे किसान एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ग्रामीण युवक उन कार्यक्रमों का लाभ उठा सकेंगे।
5.प्रश्न पूछने एवं उत्तर प्राप्त करने की भी व्यवस्था की गई है जिससे किसान अपने प्रश्नों का उत्तर प्राप्त कर सकेंगे।
6.संबंधित जिले के बारे में भी कृषि एवं कृषि से संबंधित विषयों की सूचना पोर्टल पर उपलब्ध है।
7.किसान एवं अधिकारी अपना पंजीकरण कर स्वत:बहुत सारी सूचनायें प्राप्त कर सकते हैं।