21/02/2026
जयपुर। श्री श्याम सत्संग मंडल समिति ट्रस्ट, चौगान स्टेडियम के तत्वावधान में आयोजित भव्य 60वीं पदयात्रा फाल्गुन मास के पावन अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ खाटूधाम के लिए रवाना हुई।
पदयात्रा का शुभारंभ हाथोज धाम पीठाधीश्वर एवं स्वामी बालमुकुंदाचार्य ने विधिवत पूजा-अर्चना कर किया। उन्होंने बाबा श्याम के ध्वज के समक्ष श्रद्धालुओं की मंगलमय एवं सुखद यात्रा की कामना करते हुए प्रदेशवासियों को बाबा श्याम के मेले की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” – यही अटूट आस्था लाखों भक्तों को संबल प्रदान करती है।
यात्रा मार्ग में विभिन्न व्यापार मंडलों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि 21 फरवरी को निशान पूजन के साथ प्रारंभ हुई यह पदयात्रा 27 फरवरी तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न होगी। मार्ग में भजन संध्या, रात्रि विश्राम, प्रसादी वितरण एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का आयोजन किया जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस पुण्य अवसर पर सहभागी बनने का आग्रह किया। फाल्गुन माह में निकलने वाली इस ऐतिहासिक पदयात्रा को लेकर श्याम भक्तों में अपार श्रद्धा, उल्लास और भक्ति का वातावरण व्याप्त है।
इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष विनोद गोयल, उपाध्यक्ष मदनलाल अग्रवाल, मंत्री बनवारी लाल गोयल, उपमंत्री मनोज अग्रवाल, शिरीष जैन, हिमांशु अग्रवाल, जगदीश गर्ग, पदयात्रा संयोजक आनंद जिंदल, सुनील रिंगस्या, पवन समोदिया, शरद चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
#जयपुर #खाटूधाम #श्यामभक्त #फाल्गुनमेला #पदयात्रा2026 #बाबाश्याम #धार्मिकआस्था #राजस्थान #भजनसंध्या #निशानपूजन