Navin Kadam Digital

Navin Kadam Digital खबरें वही... जो है सही

20/05/2026

जानिए नारियल से नारियल का तेल कैसे बनता है....

नारियल का तेल बनाने की प्रक्रिया काफी रोचक होती है। यह मुख्य रूप से दो तरीकों से बनाया जाता है — सूखे नारियल (Copra) से और ताजे नारियल से। भारत में ज्यादातर बड़े स्तर पर तेल सूखे नारियल यानी कॉप्रा से बनाया जाता है।

1. नारियल तोड़ना और गूदा निकालना-
सबसे पहले पके हुए नारियल को तोड़ा जाता है और उसका सफेद गूदा अलग किया जाता है।

2. गूदे को सुखाना-गूदे को धूप या मशीन की मदद से सुखाया जाता है। सूखने के बाद इसे कॉप्रा कहा जाता है। इसमें पानी की मात्रा बहुत कम रह जाती है।

3. मशीन में पेराई-सूखे कॉप्रा को तेल निकालने वाली मशीन में डाला जाता है। मशीन दबाव बनाकर उससे तेल निकालती है।

4. फिल्टरिंग-निकले हुए कच्चे तेल को छाना और साफ किया जाता है ताकि उसमें मौजूद कण अलग हो जाएं।

5. पैकिंग-इसके बाद तेल को बोतलों या डिब्बों में भरकर बाजार में भेजा जाता है।

ताजे नारियल से वर्जिन कोकोनट ऑयल कैसे बनता है?

इस प्रक्रिया में: ताजे नारियल का दूध निकाला जाता है। दूध को गर्म या फर्मेंट किया जाता है। ऊपर तैरने वाला तेल अलग कर लिया जाता है। इसे वर्जिन कोकोनट ऑयल कहा जाता है, जो ज्यादा शुद्ध और महंगा होता है।

नारियल तेल के उपयोग
बालों में लगाने
खाना पकाने
त्वचा की देखभाल
आयुर्वेदिक उपचार
मसाज और कॉस्मेटिक उत्पादों में


संगीत साधना की सुरमयी शाम: डोंगाकोहरौद में 21 मई को सजेगी ‘संगीत निशा’, पंडित एमबी रोकड़े को दी जाएगी भावभीनी श्रद्धांजल...
20/05/2026

संगीत साधना की सुरमयी शाम: डोंगाकोहरौद में 21 मई को सजेगी ‘संगीत निशा’, पंडित एमबी रोकड़े को दी जाएगी भावभीनी श्रद्धांजलि

NKD@जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम डोंगाकोहरौद में 21 मई को संगीत और संस्कृति की अनुपम छटा बिखरेगी। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध संगीताचार्य ब्रह्मलीन पंडित एमबी रोकड़े की 19वीं पुण्यतिथि पर भव्य “संगीत निशा” का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी कला प्रस्तुत करेंगे।

गौरवशाली जांजगीर नगर के सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ पंडित एमबी रोकड़े भारतीय शास्त्रीय संगीत जगत का एक ऐसा नाम रहे हैं, जिन्होंने अपनी बहुआयामी प्रतिभा से संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी स्मृति को जीवंत बनाए रखने के लिए प्रतिवर्ष उनके शिष्यवृंद अलग-अलग स्थानों पर संगीत समारोह आयोजित करते हैं।

इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष ग्राम डोंगाकोहरौद में प्रतिष्ठित संगीत समारोह “यामिनी” का आयोजन किया जा रहा है। इस सुरमयी आयोजन में ग्वालियर से यश देवले द्वारा शास्त्रीय गायन, खैरागढ़ से दीपक महंत द्वारा शास्त्रीय तबला वादन तथा सोमा बरेठ द्वारा कत्थक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

कार्यक्रम संगीत प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय सांस्कृतिक अनुभव साबित होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पंडित रोकड़े की धर्मपत्नी श्रीमती अम्बिका रोकड़े की विशेष भूमिका रही है। वहीं ग्राम की साप्ताहिक रामायण समिति एवं बरम बाबा कीर्तन मंडली का सराहनीय सहयोग मिल रहा है। साथ ही ग्राम पंचायत डोंगाकोहरौद, बाल विकास मंदिर, शारदा शिशु मंदिर एवं महामाया ज्ञान मंदिर द्वारा भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई जा रही है।

बहरहाल, ग्रामीण अंचल में शास्त्रीय संगीत और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की यह पहल निश्चित ही नई पीढ़ी को भारतीय संगीत परंपरा से जोड़ने का प्रेरणादायी माध्यम बनेगी। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी संगीत प्रेमियों से 21 मई 2026 को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर संगीत की इस अलौकिक संध्या का हिस्सा बनने की अपील की है।

जांजगीर-चांपा पुलिस को मिली नई ताकत, डायल 112 और हाईवे पेट्रोलिंग के लिए मिले नवीन वाहनNKD@जांजगीर-चांपा। जिले की कानून ...
20/05/2026

जांजगीर-चांपा पुलिस को मिली नई ताकत, डायल 112 और हाईवे पेट्रोलिंग के लिए मिले नवीन वाहन

NKD@जांजगीर-चांपा। जिले की कानून व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में जांजगीर-चांपा पुलिस को नई सौगात मिली है। डायल 112 एवं हाईवे पेट्रोलिंग व्यवस्था के लिए रायपुर से नवीन वाहनों का आबंटन किया गया है।

इन नए वाहनों को आज सुबह 10 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर परिसर से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।

बताया जा रहा है कि इन आधुनिक वाहनों के शामिल होने से आपातकालीन स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया और अधिक तेज होगी।

वहीं राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजमार्गों पर निगरानी बढ़ने से सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता तथा अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

डायल 112 सेवा पहले से ही आम नागरिकों के लिए संकट के समय त्वरित सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम बनी हुई है। ऐसे में नए वाहनों की उपलब्धता से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस विभाग के इस कदम को आमजन की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

19/05/2026

रामसागर डेम में अवैध उत्खनन का आरोप, अमर सुल्तानिया के खिलाफ ग्रामीण पहुंचे कलेक्टर दरबार

NKD @ जांजगीर-चांपा। अकलतरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुड़पार (कापन) स्थित रामसागर डेम में कथित अवैध मिट्टी उत्खनन को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर जांजगीर-चांपा को शिकायत सौंपते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पिछले कई महीनों से डेम क्षेत्र में लगातार मिट्टी उत्खनन कराया जा रहा है, जिससे डेम की संरचना और वहां से गुजरने वाली डब्ल्यूबीएम सड़क प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार 18 मई की रात लगभग 10 बजे जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब अमर सुल्तानिया कथित रूप से स्थल पर मौजूद थे। आरोप है कि चेन माउंटेन मशीन एवं तीन हाईवा वाहनों के माध्यम से मिट्टी उत्खनन किया जा रहा था।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने पर कथित रूप से धमकी दी गई। आवेदन में कहा गया है कि स्वयं को प्रदेश स्तर का बड़ा नेता और मुख्यमंत्री का करीबी बताते हुए कार्रवाई नहीं होने की बात कही गई।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने और जान से मरवाने जैसी धमकियां दी गईं। मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।

आवेदन में बताया गया है कि इस संबंध में पूर्व में 9 जनवरी 2026 को अनुविभागीय अधिकारी अकलतरा को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामवासियों ने कलेक्टर से रामसागर डेम में चल रहे कथित अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अमर सुल्तानिया एवं संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।

शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम अकलतरा एवं नैला पुलिस चौकी को भी भेजी गई है।

Navinkadam.com Janjgir Chhattisgarh India Navin Kadam Daily Navin Kadam Navin Kadam Digital Daily Navin Kadam Navin Kadam Chhattisgarh Navin Kadam Dr. Charan Das Mahant OP Choudhary Vijay Sharma - भगवाधारी

19/05/2026

देर रात ब्लेड से फाड़ा गया प्रभु श्रीराम का छायाचित्र, अकलतरा में बढ़ा आक्रोश, पुलिस थाने तक पहुंचा मामला

NKD@अकलतरा। अकलतरा नगर की पुरानी बस्ती स्थित श्रीराम चौक में देर रात प्रभु श्रीराम के छायाचित्र से छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा ब्लेड से छायाचित्र को फाड़े जाने की घटना से स्थानीय नागरिकों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

घटना की जानकारी सुबह होते ही क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं श्रीराम सेवा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे। लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे धार्मिक माहौल खराब करने की साजिश बताया।

इसके बाद समिति के पदाधिकारी थाना पहुंचे और पुलिस को आवेदन सौंपकर मामले की जांच कर दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि अकलतरा हमेशा से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण वाला नगर रहा है, लेकिन इस तरह की घटनाएं सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हैं।

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

19/05/2026

खोखरा बाजार की चना चरपटी बनी लोगों की पहली पसंद, स्वाद ऐसा कि दूर-दूर से पहुंच रहे लोग...

देसी स्वाद का तड़का… बाजार पहुंचते ही लोग सीधे इसी दुकान पर... एक बार खाओगे तो बार-बार आओगे…

राजेंद्र राठौर @ जांजगीर-चांपा। जिले के खोखरा गांव स्थित प्रसिद्ध मनका दाई मंदिर परिसर में लगने वाले बाजार में इन दिनों एक खास स्वाद की जमकर चर्चा हो रही है। यहां मिलने वाली देसी अंदाज की “चना चरपटी” लोगों को इतनी पसंद आ रही है कि बाजार पहुंचने वाला हर व्यक्ति इसका स्वाद जरूर चख रहा है।

मिट्टी की खुशबू, खुले आसमान के नीचे लकड़ी के चूल्हे पर तैयार होती गरमा-गरम चना चरपटी का स्वाद लोगों को गांव की पुरानी यादें ताजा कर देता है। शाम ढलते ही दुकान के आसपास लोगों की भीड़ लगने लगती है। कोई परिवार के साथ पहुंच रहा है तो कोई दोस्तों के साथ बैठकर चटपटी चरपटी का आनंद ले रहा है।

खास बात यह है कि चना चरपटी बनाने वाले युवक बेहद साधारण तरीके से मेहनत कर अपना रोजगार चला रहे हैं। स्वाद और साफ-सफाई का ध्यान रखने की वजह से उनकी पहचान अब आसपास के गांवों तक बन चुकी है। बाजार में आने वाले लोग बताते हैं कि यहां की चना चरपटी का स्वाद अलग ही है, जो एक बार खाने के बाद दोबारा आने को मजबूर कर देता है।

मनका दाई मंदिर परिसर का यह बाजार हमेशा से ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक खानपान का केंद्र रहा है। अब चना चरपटी ने यहां की रौनक को और बढ़ा दिया है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के लोग इसका आनंद लेते नजर आते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे छोटे व्यवसाय गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ युवाओं को स्वरोजगार की नई राह भी दिखा रहे हैं। स्वाद, मेहनत और अपनापन... यही वजह है कि खोखरा बाजार की चना चरपटी आज चहुओर चर्चा का विषय बनी हुई है।

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद पहली बार सीएम शुभेंदु अधिकारी ने खुली चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री स...
19/05/2026

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद पहली बार सीएम शुभेंदु अधिकारी ने खुली चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि पुलिस पर हमला होगा और गृहमंत्री AC रूम में बैठकर तमाशा देखेगा, ऐसा नहीं होगा अब। मैं पुलिस मंत्री और राज्य के गृह मंत्री के तौर पर आखिरी वॉर्निंग दे रहा हूं। अगर इसके बाद किसी ने एक बार भी पुलिस पर हाथ उठाया, तो उसे कठोर सजा मिलेगी। सुवेंदु अधिकारी ने यह खुली चेतावनी सोमवार को हावड़ा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए दी।

19/05/2026

हौसलों के पहियों पर जिंदगी: दोनों पैरों से निःशक्त युवक बना आत्मनिर्भरता की मिसाल

हालात से हार नहीं मानी, स्कूटी में गुपचुप-भेल बेचकर लिख रहा आत्मनिर्भरता की कहानी

राजेंद्र राठौर @ जांजगीर-चांपा। जिंदगी में संघर्ष हर किसी के हिस्से आता है, लेकिन कुछ लोग अपने हौसले और मेहनत से कठिन परिस्थितियों को भी मात दे देते हैं। ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी पामगढ़ के मूल निवासी एक युवक की है, जो दोनों पैरों से निःशक्त होने के बावजूद हार मानने के बजाय आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार का सहारा बना हुआ है।

दरअसल, रोजगार की वजह से यह युवक अपने परिवार के साथ जांजगीर के केरा रोड क्षेत्र में निवास कर रहा है। विगत कई महीनों से वह अपनी स्कूटी को ही चलता-फिरता दुकान बनाकर चाट-गुपचुप का व्यवसाय कर रहा है। उसकी स्कूटी पर ही पूरा छोटा सा स्टॉल सजा रहता है, जिसमें गुपचुप, मसाले, चटनी और खाने-पीने का पूरा सामान करीने से रखा होता है।

यह युवक सिर्फ गुपचुप ही नहीं, बल्कि स्वादिष्ट दही गुपचुप, भेल, पानीपुरी और खस्ता भेल भी तैयार करता है। उसके स्वाद के दीवाने अब बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग बन चुके हैं। दिनभर वह स्कूल और कॉलेजों के आसपास पहुंचकर अपना व्यवसाय करता है, जबकि शाम के समय हाट-बाजारों में जाकर लोगों को अपने स्वाद का दीवाना बनाता है।

सबसे खास बात यह है कि शारीरिक निःशक्तता के बावजूद युवक ने कभी खुद को कमजोर नहीं माना। वह पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ ग्राहकों को अपने हाथों से चाट और पानीपुरी परोसता है। चेहरे पर मुस्कान और मन में आत्मनिर्भर बनने का जज्बा उसकी पहचान बन चुका है।

स्थानीय लोग भी उसके संघर्ष और मेहनत की जमकर सराहना करते हैं। कई लोग बताते हैं कि युवक की मेहनत देखकर उन्हें भी जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। सीमित संसाधनों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद जिस तरह वह अपने परिवार की जिम्मेदारी निभा रहा है, वह समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

आज जब कई लोग छोटी-छोटी परेशानियों में टूट जाते हैं, तब यह युवक साबित कर रहा है कि मजबूत इरादों के आगे कोई भी मुश्किल बड़ी नहीं होती। दिव्यांगता उसकी कमजोरी नहीं, बल्कि संघर्ष से लड़ने की ताकत बन चुकी है।

यह कहानी सिर्फ एक चाट बेचने वाले युवक की नहीं, बल्कि उस हौसले की है जो बताता है कि अगर इंसान मेहनत करना न छोड़े, तो जिंदगी हर हाल में आगे बढ़ती रहती है।

“महंगा सोना, महंगा तेल… मोदी सरकार का हर इंजन फेल”बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल गैस-पेट्रोल-डीजल की कीमतों ...
19/05/2026

“महंगा सोना, महंगा तेल… मोदी सरकार का हर इंजन फेल”
बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल

गैस-पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर केंद्र सरकार को घेरा, कांग्रेस ने गैस एजेंसी के पास किया जोरदार प्रदर्शन

NKD@जांजगीर-चांपा। बढ़ती महंगाई, रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामबिलास राठौर के संयोजकत्व में स्थानीय गैस सिलेंडर वितरक केंद्र के पास धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार चुनाव के दौरान कीमतों को नियंत्रित रखने का दिखावा करती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास महंगाई कम करने की कोई ठोस नीति नहीं है और केवल जुमलेबाजी की जा रही है।

विधायक ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में लगभग 45 प्रतिशत तक वृद्धि हो चुकी है, जिससे आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर प्रधानमंत्री बड़े-बड़े विज्ञापनों के जरिए उपलब्धियां गिना रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से परेशान है।

उन्होंने यूपीए शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि जब गैस सिलेंडर की कीमत करीब 400 रुपए थी, तब भाजपा नेता सड़कों पर उतरकर विरोध करते थे, लेकिन अब कीमतें लगातार बढ़ने के बावजूद वे चुप हैं। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो पार्टी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने मांग रखी कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत में की गई लगभग ₹93 की वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही 5 और 10 किलो वाले सिलेंडरों में हुई करीब ₹20 से ₹25 तक की बढ़ोतरी को भी रद्द किया जाए। आम जनता और छोटे व्यापारियों को राहत देने के लिए गैस सब्सिडी दोबारा शुरू करने तथा महंगाई नियंत्रण के लिए प्रभावी नीति लागू करने की मांग भी की गई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “बहुत हुई महंगाई की मार, गद्दी छोड़ो मोदी सरकार” और “महंगा सोना, महंगा तेल… मोदी सरकार का हर इंजन फेल” जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनविरोधी निर्णय वापस नहीं लिए, तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन में इंका नेता डॉ. परस शर्मा, उपाध्यक्ष रमेश पैगवार, भगवान दास गढ़ेवाल, महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया, रफीक सिद्दीकी, हृषिकेश उपाध्याय, शिशिर द्विवेदी, अजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय प्रकाश तिवारी, योगेंद्र प्रताप सिंह गौरव, सेवादल जिला संयोजक देव कुमार पांडेय, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

जनदर्शन बना उम्मीद का दरबार: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, 103 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्...
19/05/2026

जनदर्शन बना उम्मीद का दरबार: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, 103 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

NKD@जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जनदर्शन में कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, राशन कार्ड, पेंशन, सीमांकन और दस्तावेज सुधार जैसे जनहित से जुड़े मामले प्रमुख रहे।

कलेक्टर महोबे ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

जनदर्शन में बलौदा तहसील निवासी चन्दनराम रात्रे ने राजस्व अभिलेख दुरुस्ती, चांपा निवासी रामेश्वर प्रसाद सोनी ने वृद्धा पेंशन, बम्हनीडीह तहसील के ग्राम देवरी निवासी नर्मदा प्रसाद प्रधान ने सीमांकन, नवागढ़ विकासखंड के ग्राम रोगदा निवासी रमेश कुमार कश्यप ने अंत्योदय राशन कार्ड तथा कृष्ण कुमार ने आधार कार्ड सुधार से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं शिवरीनारायण तहसील अंतर्गत ग्राम रिंगनी निवासी कुंती बाई ने राशन कार्ड निरस्तीकरण के मामले में आवेदन सौंपा।

कलेक्टर ने सभी मामलों का गंभीरता से अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं, जिससे लोगों में समाधान की उम्मीद और प्रशासन पर भरोसा मजबूत होता दिखाई दिया।

Address

Near BTI Chowk Janjgir, District-Janjgir-Champa
Janjgir
495668

Website

https://navinkadamdigital.com/

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when Navin Kadam Digital posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Share

Category