SAMAY NEWS 24

SAMAY NEWS 24 SAMAY NEWS 24 चैनल एक शोशल मीडिया प्लेटफार्म है। जिसका उद्देश्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को दिखाना है।

03/09/2026

🔴 सपा नेता के स्कूल में एक छात्र की पिटाई का आरोप, कान में गंभीर चोट!

शिकायत लेकर पहुंचे अभिभावक के साथ शिक्षकों ने किया अभद्र व्यवहार

खलीलाबाद: खलीलाबाद स्थित एक सपा नेता के स्कूल में छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। अभिभावक का आरोप है कि शिक्षकों ने छात्र की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसके कान में गंभीर चोट आई। घटना के बाद जब अभिभावक पिटाई का कारण जानने के लिए स्कूल पहुंचा तो आरोप है कि शिक्षकों ने उनकी बात सुनने के बजाय अकड़ दिखाते हुए बात किया। अभिभावक ने अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज सामने आने के बाद घटना की पूरी सच्चाई स्पष्ट हो सकती है। अभिभावक ने कहा है कि स्कूल प्रशासन द्वारा अब कहा जा रहा है कि आप बच्चे की जांच और इलाज कराइए जो भी खर्च आयेगा हम देंगे।

अभिभावक ने अपनी जुबानी पूरी घटना बताई।

जेन-जी और जेन-अल्फा भारत की असली ताकत—रामदत्त चक्रधरयुवा अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं, संस्कार और राष्ट्र प्रथम ...
01/09/2026

जेन-जी और जेन-अल्फा भारत की असली ताकत—रामदत्त चक्रधर

युवा अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं, संस्कार और राष्ट्र प्रथम की भावना को बनाएं जीवन का आधार

संतकबीरनगर। देश के 38 करोड़ जेन-जी और जेन-अल्फा युवा भारत की वास्तविक शक्ति हैं। देश का भविष्य इन्हीं युवाओं के कंधों पर टिका है। आवश्यकता है कि युवा शिक्षित होने के साथ-साथ शालीन, संस्कारवान और राष्ट्र प्रथम की भावना से ओत-प्रोत बनें। अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्र के उत्थान में करें। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर ने मंगलवार को खलीलाबाद शहर के बनियाबारी स्थित कृष्णा पैलेस में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।

‘संवाद से विचार, विचार से निर्माण तथा युवा से राष्ट्र का उत्थान’ विषय पर युवाओं को संबोधित करते हुए रामदत्त चक्रधर ने कहा कि भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने का सपना युवाशक्ति के माध्यम से ही साकार हो सकता है। दुनिया के कई देशों की कुल आबादी से अधिक संख्या भारत में युवाओं की है। यही युवा भारत की सबसे बड़ी पूंजी हैं। युवाओं में जिज्ञासा होती है और जिज्ञासा ही नए विचारों तथा निर्माण का आधार बनती है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अरविंद घोष और भगत सिंह जैसे महापुरुषों एवं क्रांतिकारियों को अपना आदर्श बनाना चाहिए। केवल महापुरुषों को पढ़ना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में उतारना भी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने माता-पिता और बड़ों का सम्मान करें। ‘बड़ों को गाली देना हमारा संस्कार नहीं’ कहते हुए उन्होंने भारतीय संस्कृति में संस्कार और मर्यादा के महत्व को रेखांकित किया।

सह सरकार्यवाह ने कहा कि जेन-जी और जेन-अल्फा अपनी मातृभूमि, धर्म और परंपराओं की रक्षा एवं संवर्धन के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएं। युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्रभक्ति के ज्वार से जोड़कर उसे राष्ट्रशक्ति में परिवर्तित करने की आवश्यकता है। भारत के विकास के साथ ही विश्व की प्रगति में भारतीय युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा उसकी सनातन संस्कृति में निहित है। भारत की उन्नति के साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं का संरक्षण भी आवश्यक है। जो व्यक्ति भारत के सुख-दुःख को अपना सुख-दुःख समझता है और मातृभूमि के प्रति समर्पित भाव रखता है, वही सच्चे अर्थों में भारत की आत्मा से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि आज देश की बहनें और बेटियां भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। विकसित भारत के निर्माण में युवतियों और महिलाओं की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। युवा पीढ़ी को समान रूप से आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का अवसर मिलना चाहिए।

रामदत्त चक्रधर ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर चुका है। राष्ट्र निर्माण और समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में संघ की यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। भारत को विश्वगुरु बनाने के संकल्प के साथ संघ की यात्रा सौ वर्षों से चल रही है। अब इस संकल्प को नई पीढ़ी की ऊर्जा, प्रतिभा और राष्ट्र प्रथम की भावना से नई गति देने की आवश्यकता है।

‘संवाद को सुनने तक सीमित न रखें युवा’

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध पर्वतारोही रजनी साव ने की। युवा संवाद के अंतिम चरण में युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में असीमित ऊर्जा और क्षमता है। युवाओं को संवाद में कही गई बातों को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और कार्यों में उतारते हुए समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन अम्बेश कृष्ण ने किया। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक रमेश, सह प्रांत प्रचारक सुरजीत, प्रांत प्रचारक प्रमुख अवधेश, प्रांत शारीरिक प्रमुख तुलसी राम, क्षेत्र संपर्क प्रमुख मनोज, बस्ती विभाग के विभाग प्रचारक ऋषी दीप, जिला प्रचारक धीरज, बस्ती के सह विभाग संघ संचालक निर्मल, जिला संचालक रामगोपाल सहित नवीन, अतुल, महेंद्र, प्रवीण, अभिषेक, भास्कर मणि त्रिपाठी, प्रवीण त्रिपाठी, नित्यानंद, राकेश मिश्रा, राकेश पाठक आदि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में हजारों की संख्या में युवाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रचार प्रमुख दिग्विजय नाथ शुक्ल द्वारा दी गई।

26/08/2026

गैस सिलेंडर फटने से फास्ट फूड की दुकान में भीषण आग, मकान की छत और दीवारें क्षतिग्रस्त लाखों का सामान राख

खलीलाबाद। कोतवाली क्षेत्र के बरदाहिया में बुधवार की शाम फास्ट फूड की दुकान में गैस सिलेंडर फटने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा काउंटर, फ्रिज, पंखा, रैक समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सिलेंडर फटने से मकान की छत और दीवारों को भी भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दुकानदार ने बताया गया कि शाम करीब चार बजे दुकान में नया गैस सिलेंडर लगाया गया था। सिलेंडर का उपयोग शुरू करने के दौरान अचानक गैस की पाइप फट गई, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा था, इसी दौरान अचानक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

सिलेंडर विस्फोट के कारण दुकान के अंदर रखा काउंटर, फ्रिज, पंखा, रैक और अन्य सामान जलकर राख हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान की छत और दीवारें भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। कई जगह दीवारों का प्लास्टर टूटकर गिर गया और मकान में दरारें पड़ने की बात सामने आई है।

घटना के तुरंत बाद दुकान संचालक संतोष मौर्या ने पुलिस और फायर सर्विस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बरदाहिया चौकी प्रभारी अनिल कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस की दो गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

दुकान संचालक के मुताबिक दुकान में करीब चार लाख रुपये कीमत का सामान रखा था, जो आग की चपेट में आने से पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

घटना के बाद आमने-सामने आए मकान मालिक और दुकानदार

आग बुझने के बाद मौके पर पहुंचे मकान मालिकों ने घटना को लेकर दुकानदार की लापरवाही पर नाराजगी जताई। मकान मालिकों का आरोप है कि मकान किराना की दुकान खोलने के लिए किराए पर दिया गया था, लेकिन बाद में वहां फास्ट फूड की दुकान शुरू कर दी गई।

मकान मालिकों के अनुसार उन्होंने कई बार फास्ट फूड की दुकान चलाने पर आपत्ति जताते हुए दुकान खाली करने को कहा था, लेकिन जल्द दुकान खाली करने का आश्वासन देकर दुकान का संचालन जारी रखा गया।

मकान मालिक ने घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को भी दी। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच घटना को लेकर बहस होने लगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

26/08/2026

नेपाल में भीषण बाढ़ से भारत की चिंता बढ़ी, सरकार और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय

मुजफ्फरपुर। पड़ोसी देश नेपाल में बुधवार सुबह आई भीषण बाढ़ ने भारत की चिंता बढ़ा दी है। रसुवा जिले में त्रिशूली नदी के उफान से हालात गंभीर हो गए हैं। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद चितवन तक तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल की नदियों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भारतीय क्षेत्र में भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

रसुवा में त्रिशूली नदी के विकराल रूप को देखते हुए नेपाल सरकार और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। लोगों से नदी के किनारे जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की गई है। रसुवा के प्रमुख जिला अधिकारी के मुताबिक, धुन्चे से ही त्रिशूली नदी में बाढ़ का भयावह मंजर दिखाई दे रहा है।

नेपाल की नदियों में जलस्तर बढ़ने का असर भारत आने वाली नदियों पर भी पड़ता है। ऐसे में गंडक नदी के जलस्तर को लेकर बिहार में भी चिंता बढ़ गई है। नदी के आसपास के इलाकों में प्रशासन को लगातार निगरानी बनाए रखने की जरूरत है। बूढ़ी गंडक के जलस्तर पर भी स्थानीय स्तर पर नजर रखना महत्वपूर्ण हो गया है।

बाढ़ के कारण नेपाल के कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। नेपाल सरकार ने पृथ्वी राजमार्ग, गल्छी-नुवाकोट-रसुवा-स्याफ्रुबेँसी मार्ग और मुग्लिन-नारायणगढ़ सड़क पर यात्रा से बचने की सलाह दी है। सड़क संपर्क प्रभावित होने से भारत से काठमांडू जाने वाले यात्रियों और पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नेपाली सेना ने बचाव दल और हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। राहत एवं बचाव अभियान जारी है। बाढ़ के तेज बहाव में कई कंक्रीट और झूला पुल बह जाने से अनेक क्षेत्रों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। ऐसे में भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले स्थानीय प्रशासन की सलाह और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की गई है।

नेपाल के हालात पर भारतीय क्षेत्र में भी नजर रखी जा रही है। खासकर गंडक नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को लेकर संबंधित प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत है। स्थिति को देखते हुए सीमावर्ती और नदी किनारे बसे क्षेत्रों में एहतियाती कदम महत्वपूर्ण हो गए हैं।

23/08/2026

दो अवैध पिस्टल और चार मैगजीन के साथ युवक गिरफ्तार, एएसपी ने मामले का किया खुलासा

लखनऊ में हथियार पहुंचाने की तैयारी का पुलिस का दावा, इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क में आए लोगों का पूछताछ में खुलासा

संतकबीरनगर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक युवक को दो अवैध .32 बोर पिस्टल, दो अतिरिक्त मैगजीन समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी इन हथियारों को लेकर लखनऊ जाने की तैयारी में था। पूछताछ में उसने हथियारों को लखनऊ में एक व्यक्ति को सौंपने और इसके बदले मिलने वाली रकम को साथियों के बीच बांटने की बात बताई है।

पुलिस के अनुसार 22 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक हथियारों के साथ हनुमान मंदिर, एनएच-28 रसूलाबाद तिराहे के पास मौजूद है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे और एसओजी प्रभारी रजनीश राय के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर चन्द्रप्रकाश सिंह उर्फ चन्दन सिंह पुत्र प्रेमसागर सिंह, निवासी बढ़या ठाठर, थाना मेहदावल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से दो अवैध .32 बोर पिस्टल मय मैगजीन, दो अतिरिक्त .32 बोर मैगजीन, एक मोबाइल फोन, पिट्ठू बैग, कपड़े और 500 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के बाद पुलिस ने कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके दो साथियों ने उसे दोनों पिस्टल और मैगजीन यह कहकर दी थीं कि इन्हें लखनऊ ले जाकर इंस्टाग्राम के माध्यम से बताए गए व्यक्ति को सौंपना है। इसके बदले मिलने वाली रकम को आपस में बांटने की बात कही गई थी। आरोपी के मुताबिक वह हथियार लेकर लखनऊ जाने की तैयारी में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ इससे पहले महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाने में वर्ष 2023 में मारपीट, छेड़छाड़, घर में घुसने, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा मौजूदा मामले में कोतवाली खलीलाबाद में मु0अ0सं0 783/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम 1959 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे, निरीक्षक अपराध वीरेन्द्र यादव, उपनिरीक्षक प्रभान्शु राय, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव समेत कोतवाली खलीलाबाद के पुलिसकर्मी शामिल रहे। वहीं एसओजी टीम में प्रभारी रजनीश राय, हेड कांस्टेबल अनूप राय, हेड कांस्टेबल अभिषेक सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से आए, इन्हें लखनऊ में किसे सौंपा जाना था और इस नेटवर्क में आरोपी के बताए दोनों कथित साथियों की क्या भूमिका है।

23/08/2026

झुके बिजली पोल और कटे तार से दुर्घटना का बढ़ा खतरा, जिम्मेदारों की अनदेखी पर सवाल

संतकबीरनगर। खलीलाबाद विद्युत उपकेंद्र के नेहियां खुर्द क्षेत्र में सड़क किनारे लगे बिजली के पोल और तार लोगों के लिए खतरे का सबब बने हुए हैं। कई स्थानों पर बिजली के पोल एक ओर झुके नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ जगहों पर बांस-बल्ली के सहारे विद्युत व्यवस्था संचालित की जा रही है। सड़क किनारे विद्युत तारों का जाल भी अव्यवस्थित स्थिति में दिखाई दे रहा है। इससे स्थानीय लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क के किनारे झुके हुए पोल और नीचे लटकते अथवा अव्यवस्थित तार कभी भी राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। खासकर बारिश के मौसम में ऐसी स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है। यदि कोई विद्युत पोल या तार सड़क से गुजर रहे किसी व्यक्ति, साइकिल या मोटरसाइकिल पर गिरता है तो करंट की चपेट में आने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसी मार्ग पर एक स्कूल भी स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ने के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में विद्युत पोल और तारों की मौजूदा स्थिति बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। अभिभावकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विद्युत विभाग को पहले ही इस समस्या का समाधान करना चाहिए।

स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, संबंधित एसडीओ और जेई से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि झुके पोल को सीधा कराने, क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने और अव्यवस्थित तारों को व्यवस्थित कराने की जरूरत है, ताकि राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया और कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई जल्द कराने की मांग की है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।

राम मंदिर आंदोलन के नायक कल्याण सिंह की स्मृति पर भावुक हुए भाजपा कार्यकर्ता, बोले—राम मंदिर के लिए सत्ता भी छोड़ीब्लॉक ...
22/08/2026

राम मंदिर आंदोलन के नायक कल्याण सिंह की स्मृति पर भावुक हुए भाजपा कार्यकर्ता, बोले—राम मंदिर के लिए सत्ता भी छोड़ी

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नित्यानंद के आवास पर आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

खलीलाबाद। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान तथा हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह की स्मृति पर खलीलाबाद ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नित्यानंद के आवास पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा के वरिष्ठ नेता घनश्याम दास बिड़ला ने किया जबकि अध्यक्षता पूर्व नगर अध्यक्ष सतविंदर पाल सिंह जज्जी ने की।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री विवेकानंद वर्मा ने कहा कि स्वर्गीय कल्याण सिंह को उत्तर प्रदेश की राजनीति में ‘बाबूजी’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने बताया कि कल्याण सिंह का जन्म 5 जनवरी 1932 को अतरौली, अलीगढ़ में एक किसान परिवार में हुआ था। पेशे से शिक्षक रहे कल्याण सिंह ने अतरौली इंटर कॉलेज में अध्यापन कार्य किया। वर्ष 1967 में पहली बार विधायक चुने गए और लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे और प्रखर हिंदुत्ववादी नेता के रूप में उनकी पहचान बनी।

पूर्व नगर अध्यक्ष सतविंदर पाल सिंह जज्जी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में कल्याण सिंह की भूमिका ऐतिहासिक रही। उन्होंने कहा कि अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने के बाद कल्याण सिंह ने इसकी जिम्मेदारी अपने ऊपर लेते हुए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि नित्यानंद ने कहा कि आपातकाल के दौरान स्वर्गीय कल्याण सिंह ने करीब 21 महीने अलीगढ़ और वाराणसी की जेल में बिताए। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह का पूरा राजनीतिक जीवन संघर्ष, विचारधारा और जनसेवा के लिए समर्पित रहा।

भाजपा नेता घनश्याम दास बिड़ला ने कहा कि स्वर्गीय कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बने और दो बार प्रदेश की कमान संभाली। उनका पहला मुख्यमंत्री कार्यकाल 24 जून 1991 से 6 दिसंबर 1992 तक तथा दूसरा कार्यकाल 21 सितंबर 1997 से 12 नवंबर 1999 तक रहा। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

रणजीत राय ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि कल्याण सिंह जैसा नेता विरले ही देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के लिए उन्होंने सत्ता तक का त्याग करने में संकोच नहीं किया। उनका जीवन कार्यकर्ताओं और समाज के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

कार्यक्रम में पूर्व नगर उपाध्यक्ष विनय मिश्रा, सभासद पंकज मिश्रा, धर्मेंद्र वर्मा, राधेश्याम जायसवाल, संजीव वर्मा, राकेश सिंह, कमला गौंड, रामवृक्ष चौधरी, प्रधान जय प्रकाश पाण्डेय, चंदन तिवारी, गोलू मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

नौकरी के नाम पर 13.35 लाख रुपये की ठगी का आरोप, विधायक का फर्जी लेटर पैड दिखाकर बनाया भरोसागोरखपुर/संतकबीरनगर। नौकरी दिल...
22/08/2026

नौकरी के नाम पर 13.35 लाख रुपये की ठगी का आरोप, विधायक का फर्जी लेटर पैड दिखाकर बनाया भरोसा

गोरखपुर/संतकबीरनगर। नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की कथित ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि नौकरी लगवाने के नाम पर उससे 13 लाख 35 हजार रुपये लिए गए। आरोप है कि रकम लेने के बाद संबंधित लोगों ने विधायक और अधिकारियों के नाम की कथित फर्जी लेटर पैड दिखाकर भरोसा दिलाया कि उसकी नौकरी लग जाएगी।

शिकायतकर्ता धनंजय यादव के अनुसार, आरोपितों ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अलग-अलग माध्यमों से रुपये लिए। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि रकम मांगने पर आरोपितों ने नौकरी लगवाने की बात कही तथा कई प्रभावशाली लोगों से संपर्क होने का दावा किया।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने विधायक धनघटा के नाम की कथित फर्जी लेटर पैड बनाकर शिकायतकर्ता को दिखाई। इसके अलावा मोबाइल रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों का हवाला देकर उसे विश्वास में लेने की कोशिश की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में नौकरी नहीं लगी और जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो उसे कथित तौर पर धमकाया और परेशान किया जाने लगा।

प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने बताया कि वह थाना तितराबाजार क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मंझरिया का निवासी है। उसने आरोप लगाया कि नौकरी के नाम पर ली गई रकम वापस मांगने पर उसे टालमटोल किया गया और रुपये वापस करने से इनकार किया गया।

मामले में शिकायतकर्ता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर से पूरे प्रकरण की जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच के लिए विवेचना अधिकारी नियुक्त किया है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि नौकरी दिलाने के नाम पर वास्तव में कितनी रकम ली गई, कथित फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किए और मामले में कितने लोग शामिल हैं। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

पत्रकारों के साथ घटित दो घटनाओं को लेकर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच कर करवाई की मांग सं...
20/08/2026

पत्रकारों के साथ घटित दो घटनाओं को लेकर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच कर करवाई की मांग

संतकबीरनगर। जनपद में पत्रकारों के साथ कथित उत्पीड़न, अभद्र व्यवहार, मारपीट, धमकी और समाचार संकलन के दौरान अनावश्यक दबाव बनाए जाने के मामलों को लेकर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब संतकबीरनगर ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

जर्नलिस्ट प्रेस क्लब का कहना है कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में जनसमस्याओं, भ्रष्टाचार, विकास कार्यों में अनियमितताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने का कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों को समाचार संकलन के दौरान डराने, धमकाने अथवा उनके साथ अभद्र व्यवहार करने की घटनाएं स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।

मनरेगा की खबर को लेकर पत्रकार से मारपीट का आरोप

ज्ञापन में पहली घटना का उल्लेख करते हुए बताया गया कि 3 अगस्त 2026 को वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज के संवाददाता अनिरुद्ध अग्रहरि ने सेमरियावां विकासखंड के डारीडीहा गांव में मनरेगा कार्य से संबंधित खबर प्रसारित की थी। आरोप है कि खबर से नाराज कुछ लोगों ने पत्रकार को फोन कर कांटे बुलाया।

पत्रकार का आरोप है कि वहां पहुंचने पर बहाउ स्वीट हाउस के सामने उनके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप के मुताबिक विकास चौधरी, बैजनाथ चौधरी, शेषनाथ यादव, अभिषेक चौधरी समेत अन्य लोगों ने बीच चौराहे पर लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। इसके बाद मोबाइल फोन छीनने और कांटे पुलिस चौकी में भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

पत्रकार संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच के साथ बहाउ स्वीट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है, ताकि घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सके।

समाचार संकलन के दौरान मोबाइल छीनने और वीडियो डिलीट करने का आरोप

दूसरे मामले में 14 अगस्त 2026 को हिंदी दैनिक खलीलाबाद टाइम्स के संवाददाता विवेकानंद के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला उठाया गया। ज्ञापन के अनुसार, पत्रकार समाचार संकलन के लिए खलीलाबाद कोतवाली पहुंचे थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हो रही थी।

आरोप है कि पत्रकार ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल से बनाना शुरू किया, तभी मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनका मोबाइल छीन लिया और अभद्र व्यवहार करते हुए उन्हें लॉकअप में बैठा दिया। पत्रकार का आरोप है कि मोबाइल में बनाया गया वीडियो भी डिलीट कर दिया गया।

जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने इस मामले में खलीलाबाद कोतवाली परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

निष्पक्ष जांच की मांग

जर्नलिस्ट प्रेस क्लब संतकबीरनगर ने कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न, धमकी या अभद्र व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। संगठन ने जिलाधिकारी से दोनों मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने तथा तथ्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष शक्ति श्रीवास्तव बाबुल, कार्यकारी अध्यक्ष अमित अग्रहरी, महासचिव मिथलेश धुरिया, संयोजक शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जितेंद्र पाठक व सदरे आलम, उपाध्यक्ष विजय गुप्ता, हरिओम चौधरी, रितेश उपाध्याय, संगठन सचिव विजय मिश्रा, संघ संगठन सचिव आशुतोष त्रिपाठी, संयुक्त सचिव केदार नाथ दूबे, सचिव आशु सिंह, संजय श्रीवास्तव, नवनीत श्रीवास्तव, उप सचिव वीरेंद्र मणि त्रिपाठी, गंगेश्वर यादव, कौशल किशोर, प्रवक्ता कल्याण भट्ट, लेखा परीक्षक उपेंद्र मणि त्रिपाठी व सतीश पाण्डेय, कोषाध्यक्ष विपिन राय, मीडिया प्रभारी राजेश्वर कुमार, खलीलाबाद अध्यक्ष मोहन राजभर, उपाध्यक्ष अनिल मौर्य, महासचिव गणेश चौरसिया तथा मेहदावल से सुनील श्रीवास्तव सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

20/08/2026

डीघा बाईपास पर टैंकर की ठोकर से बाइक सवार की मौत, आक्रोशित लोगों ने हाईवे किया जाम

संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के डीघा बाईपास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की शाम करीब छह बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार टैंकर की ठोकर से हुई दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे से अधिक समय तक यातायात प्रभावित रहा।

मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के गौरापार निवासी जितेन्द्र सिंह (30) पुत्र जगदीश सिंह के रूप में हुई। बताया गया कि जितेन्द्र रैना पेपर मिल में इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। रोजाना की तरह बुधवार को भी वह काम समाप्त करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डीघा बाईपास के पास एक टैंकर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जितेन्द्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ प्रियम राजशेखर और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और स्थानीय लोग तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। उनका आरोप था कि दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर टैंकर और उसके चालक की पहचान करते हुए कार्रवाई की जाए।

स्थिति बिगड़ती देख एएसपी सुशील कुमार सिंह और सदर एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान घटना की जानकारी मिलने पर सैंथवार मल्ल महासभा के प्रदेश अध्यक्ष गंगा सिंह सैंथवार भी दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

एएसपी सुशील कुमार सिंह ने गंगा सिंह सैंथवार के माध्यम से परिजनों से बातचीत की और मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव को मौके से ले जाने दिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। फुटेज के आधार पर टक्कर मारने वाले टैंकर और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

जितेन्द्र सिंह अपने परिवार में दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से टैंकर चालक की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाने की मांग की।

Address

KHALILABAD
Khalilabad
272175

Alerts

Be the first to know and let us send you an email when SAMAY NEWS 24 posts news and promotions. Your email address will not be used for any other purpose, and you can unsubscribe at any time.

Contact The Business

Send a message to SAMAY NEWS 24:

Shortcuts

Share