28/01/2026
महुआडांड़ प्रखण्ड में शान और उत्साह के साथ मना 77वां गणतंत्र दिवस
महुआडांड़ (लातेहार) महुआडांड़ प्रखण्ड में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास, धूमधाम और राष्ट्रीय गौरव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में तिरंगा झंडा शान से फहराया गया और देशभक्ति का माहौल बना रहा।
गणतंत्र दिवस के मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी बिपिन कुमार दुबे, डीएससी शिवपूजन बहेलिया, सीओ सह बीडीओ संतोष बैठा, थाना प्रभारी मनोज कुमार, जिले जिला परिषद सदस्य स्टेला नगेसिया, कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि इफ्तेखार अहमद, प्रमुख कंचन कुजूर, उपप्रमुख अभय मिंज, ग्राम पंचायत मुखिया,सहित कई जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने अपने-अपने आवास, पार्टी कार्यालयों के साथ-साथ अनुमंडल कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, थाना परिसर सहित विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में तिरंगा फहराया। वहीं झंडोत्तोलन के उपरांत अनुमंडल कार्यालय मैदान में आरपीएस आवासीय पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक झांकियों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही संत जोसेफ विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत एनसीसी परेड एवं स्काउट परेड ने सभी को अनुशासन और देशभक्ति का संदेश दिया। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत रहा।
77वें गणतंत्र दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन
अनुमंडल कार्यालय मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित झंडोतोलन कार्यक्रम के उपरांत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बिपिन कुमार दुबे ने 18 जनवरी रविवार को ओरसा घाटी में हुई भीषण बस सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए तत्परता से आगे आए जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों एवं समाजसेवियों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित किए गए लोगों में कांग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि इफ्तेखार अहमद, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अमित खलखो, कार्मेल अस्पताल की डॉ. फिलोमीना, आस्था नर्सिंग होम के डॉ. अमरदीप कुमार, सेवा सदन के डॉ. रितेश, कस्तूरबा विद्यालय की वार्डेन जिंदिरोस किंडो, ओरसा पंचायत की मुखिया अमृता देवी, चिकित्सक डॉ. एस. के. मित्रा, कांग्रेस नेता रानू खान, शशि कुमार, सलमान अहमद, पीतांबर यादव, रहमान अहमद, पप्पू यादव, रामप्रसाद यादव, मुकेश नगेसिया, विकेश नगेसिया, सतेन्द्र नगेसिया, अवधेश जायसवाल, सावित्री देवी, श्यामबिहारी सिंह एवं दीपक कुमार सोनी शामिल रहे।
वहीं आरपीएस आवासीय पब्लिक स्कूल तथा संत जोसेफ विद्यालय के छात्र-छात्राओं को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि संकट की घड़ी में मानवता की सेवा करने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे कार्यों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आवासीय विद्यालय के स्टेडियम में खेलकूद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कोंग्रेस प्रदेश प्रतिनिधि इफ्तेखार अहमद के पहल पर किया गया, जिसमें क्षेत्र के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह और खेलखुद का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।