14/10/2021
हिसार हवाई अड्डे के लिए देनी पड़ेगी लाखों पेड़ों व वन्य जीव जंतुओं को कुर्बानी : सलीम सुलखनी
सामाजिक कार्यकर्ता सलीम सुलखनी ने हवाई अड्डे की जमीन पर लगे लाखों पेड़ों, अनेक वन्य जीवों को बचाने के लिए प्रधानमंत्री व केंद्रीय वन मंत्री के नाम उपायुक्त सौंपा पत्र
हिसार 12 अक्टूबर : सामाजिक कार्यकर्ता सलीम सुलखनी ने हिसार हवाई अड्डे की जमीन पर खड़े लाखों पेड़ों वहां रह रहे अनेक प्रजातियों के वन्य जीव जंतुओं को बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव के नाम जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। सलीम सुलखनी ने बताया कि हिसार में आधुनिकता की दौड़ में शामिल होते हुए हवाई अड्डे का निर्माण तो किया जा रहा है लेकिन हिसार का ऑक्सिजन बैंक कहे जाने वाले इस हरे-भरे क्षेत्र में लाखों पेड़ और काफी संख्या में अनेक जीव-जंतु हिरण, बंदर, पशु-पक्षी आदि रहते हैं। यदि यहां हवाई अड्डे का निर्माण होता है तो ये सब कब जाएंगे और इतनी संख्या में यहां से लाखों की संख्या में पेड़ हटाए जाने पर पहले से ही ऑक्सिजन की कमी व प्रदूषण से जूझ रहे शहर के लोगों की सांसें और कम हो जाएंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री व केंद्रीय वन मंत्री से मांग की कि हवाई अड्डे का निर्माण करने से पहले पेड़-पौधों व वन्य जीवों के बारे में सोचना चाहिए।
सलीम सुलखनी ने कहा कि पूरे हिसार जिले के एकमात्र बीड़ जहां पर लाखों की संख्या में पेड़ पौधे लगे हुए हैं जिसको पूरे हिसार जिले का ऑक्सीजन प्लांट भी कहा जाता है। एयरपोर्ट बनाए जाने से सदियों से यहां रह रहे जीवजंतुओं के जीवन पर अब संकट के बादल मंडराने लगे हैं। हिसार जिले में एयरपोर्ट के आने के बाद लाखों पेड़ों व जीव जंतुओं का क्या होगा इस पर गंभीरता से विचार किया जाना जरूरी है। पर्यावरण व वन्य जीव प्रेमी ईश्वर ने बताया कि उन्होंने लगभग 600 सांप पकड़ कर बीड़ वन में छोड़े हैं ताकि उनकी प्रजातियां विलुप्त न हों अब उनका क्या होगा?
उन्होंने कहा कि हवाई जहाज के शोर व रेडिएशन आदि से भी जीव जंतुओं को भारी परेशानी होगी और साउंड व रेडिएशन की वजह से जीव जंतु विलुप्त हो जाएंगे। एयरपोर्ट के नाम पर सुविधा की बात कही जा रही है लेकिन इसके लिए लाखों पेड़ पौधों, अनगिनत जीव जंतु को अपनी कुर्बानी देनी पड़ेगी। सलीम सुलखनी ने सरकार से इस संबंध में गंभीर व ठोस कदम उठाने की मांग की है। इस मौके पर उनके साथ ईश्वर सिंह व मोबिन मलापुर भी थे।
चित्र परिचय : उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए सलीम