18/08/2026
रविया किन्नर डकैती कांड मे 8 माह से फरार 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, डकैती के मामले में पुलिस की कार्रवाई
मुरैना। अंबाह थाना पुलिस ने डकैती के एक मामले में करीब आठ माह से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, मोटरसाइकिल, अवैध कट्टा, जिंदा राउंड और मोबाइल फोन सहित करीब ₹7.60 लाख का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 18 जनवरी 2026 की रात करीब 1:45 बजे फरियादिया साविया किन्नर ने अंबाह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि वह राधिका किन्नर, रिया किन्नर और विनय के साथ अलग-अलग कमरों में सो रही थी। इसी दौरान 8-9 अज्ञात बदमाश घर में घुसे और बंदूक की नोक पर डकैती की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मामले में थाना हाजा पर अपराध क्रमांक 24/2026, धारा 310(2) बीएनएस एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया था।
पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन में जिले में वांछित आरोपियों एवं इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसडीओपी अंबाह विजय सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में अंबाह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब आठ माह से फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी सतेंद्र निषाद पुत्र सुंदर सिंह निषाद, उम्र 30 वर्ष, निवासी शमशाबाद, जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी को ग्राम महलन के पास कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 4 तोला सोना एवं 500 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इसके अलावा मौके से अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक UP80HN5515, जिसकी कीमत करीब ₹1.30 लाख है, एक अवैध 315 बोर का देशी कट्टा मय 3 जिंदा राउंड, दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब ₹7.60 लाख बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक इस घटना में शामिल छह आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के प्रयास लगातार जारी हैं। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पूर्व से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होना बताया गया है।
゚viralシ
Collector Office Morena SP Morena Madhya Pradesh Police CM Madhya Pradesh