25/09/2026
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फाजिलनगर में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन: डीएमसी नलिन सिंह ने दी महिला कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी
फाजिलनगर (कुशीनगर)। शासन की मंशा के अनुरूप, जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फाजिलनगर के सभागार में भव्य कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद डिस्ट्रिक मिशन को-आर्डिनेटर (DMC) नलिन सिंह ने महिलाओं व बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित विभागीय योजनाओं की रूपरेखा रखी।
फाजिलनगर विधायक सुरेन्द्र कुशवाहा की अध्यक्षता तथा प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशंकर नायक की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में नलिन सिंह ने उपस्थित महिलाओं और परिजनों को महिला कल्याण विभाग की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना', 'निराश्रित महिला पेंशन', 'प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना' और 'मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना' के पात्रों, आवेदन प्रक्रिया व लाभों के बारे में विस्तार से समझाया।
कार्यक्रम के दौरान केक काटकर कन्याओं का जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर 11 नवजात कन्याओं की माताओं—नेहा, चांदनी, बन्दना, सुनीता देवी, रीता देवी, सुमन देवी, सैयमा खातून, अनीता, सपना, करीना एवं अंजली देवी—को सम्मानित किया गया। नवजात शिशुओं के लिए बेबी किट, टेडी बियर व मिष्ठान तथा माताओं को अंगवस्त्र भेंट किए गए।
हब फॉर इम्पावरमेन्ट ऑफ वूमेन की जेण्डर स्पेशलिस्ट बन्दना कुशवाहा ने चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), वन स्टॉप सेन्टर (181), वुमेन हेल्पलाइन (1090) सहित 112, 108 और 102 जैसी आपातकालीन सेवाओं की उपयोगिता बताई। वहीं, अमन मिश्रा ने विभागीय योजनाओं से संबंधित पम्पलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया।
इस मौके पर स्वास्थ्य परिवीक्षक प्रशान्त शर्मा, स्वास्थ्य कार्यकर्ता विनोद यादव, अनुराग मिश्रा, अनुज, वरिष्ठ सहायक राजकिशोर, अनीता कुशवाहा, स्टाफ नर्स किरन राव सहित सैकड़ों की संख्या में आशा कार्यकत्रियां एवं लाभार्थी परिवार उपस्थित रहे।