03/08/2026
पिथौरागढ़ पुलिस ने मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का बड़ा खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी के साथ 213.7 ग्राम अवैध चरस भी बरामद हुई है।
कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र के कई मंदिरों में चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसएचओ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर एचोली क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां पुलिस ने धारचूला निवासी 21 वर्षीय सन्तोष धामी उर्फ सन्नी धामी को निवासी धारचूला गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने 31 मई 2026 की रात ग्राम पौण स्थित चण्डिका मंदिर का ताला तोड़कर दानपात्र से नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 1,900 रुपये की नकदी भी बरामद की है।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से 213.7 ग्राम अवैध चरस भी बरामद हुई, जिसके चलते उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भदेलवाड़ा, पुनेड़ी और लिन्ठ्यूड़ा मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी स्कूटी चोरी और मंदिर चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।