19/04/2026
संघ के शताब्दी वर्ष पर झुमरी तिलैया में भव्य प्रमुख जन गोष्ठी आयोजित
कोडरमा, 18 अप्रैल (शनिवार):
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर झुमरी तिलैया स्थित शिव तारा सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में एक भव्य एवं गरिमामय प्रमुख जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख श्री राजकुमार मटाले मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग संचालक सुरेंद्र प्रताप सिंह, नगर संघचालक डॉ. आर. के. दीपक एवं मुख्य वक्ता श्री मटाले द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मंच संचालन जिला सह कार्यवाह सुनील कुमार ने किया, जबकि विषय प्रवेश रामावतार साहु ने कराया।
अपने संबोधन में श्री राजकुमार मटाले ने संघ की 100 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा, उसकी कार्यपद्धति एवं विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन एक छोटे प्रयास के रूप में प्रारंभ हुआ संघ आज एक विशाल सामाजिक-सांस्कृतिक शक्ति के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने कहा कि संघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक अनुभूति है, जिसे अनुभव के माध्यम से ही समझा जा सकता है।
उन्होंने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि समाज की असंगठित स्थिति को दूर कर राष्ट्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संघ की स्थापना की गई। संघ की कार्यपद्धति में व्यक्ति निर्माण को केंद्र में रखते हुए शाखाओं के माध्यम से अनुशासन, संस्कार एवं राष्ट्रभक्ति का विकास किया जाता है।
श्री मटाले ने “पंच परिवर्तन” के संकल्प—कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध एवं नागरिक कर्तव्य बोध—पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रांत प्रचारक गोपाल जी, विभाग प्रचारक आशुतोष भारती, विभाग कार्यवाह राजेश प्रसाद एवं विभाग सेवा प्रमुख गोरी शंकर कुमार की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम में शिक्षा, प्रशासन, चिकित्सा, मीडिया एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की, जिनमें विधायक नीरा यादव सहित कई प्रमुख व्यक्तित्व उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। श्री मटाले ने सरल एवं सारगर्भित उत्तर देकर सभी को संतुष्ट किया।