30/08/2026
लोक निर्माण मंत्री ने ‘उजैन मेला’ के समापन समारोह की अध्यक्षता की।
देवीधार-रनोल सड़क के लिए जल्द होगा पैसों का प्रावधान : विक्रमादित्य सिंह
रोहड़ू, 30 अगस्त लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज ग्राम पंचायत रनोल के कोटी बाई में आयोजित ‘उजैन मेला’ के समापन समारोह की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं स्थानीय लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
*क्षेत्र में 120 करोड़ रुपये के सड़क कार्य प्रगति पर*
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुधार कार्यों पर लगभग 120 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा रही है, जिसका लाभ क्षेत्र के लोगों तथा बागवानों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य सड़कों की मांगों पर भी प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक धनराशि का प्रावधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मुख्य सड़क देवीधार-रनोल के उन्नयन एवं पक्का करने के लिए शीघ्र ही धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने सारीवासा में वैली ब्रिज का निर्माण करने की घोषणा की।
लोक निर्माण मंत्री ने रोहड़ू-चिड़गांव-धमवाड़ी सड़क के निर्माण कार्य की धीमी गति पर चिंता व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बरसात के मौसम में किसी भी अवरुद्ध सड़क को 24 घंटे के भीतर खोला जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों और बागवानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि हाल ही में छैला-यशवंतनगर सड़क के निर्माण के लिए 203 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने से क्षेत्र के बागवानों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी और उनकी उपज को बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने सराय भवन के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मंदिर परिसर में हाईमास्ट/हैलोजन लाइट लगाने के लिए भी आवश्यक धनराशि का प्रावधान करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों को नशे से दूर रहने की भी अपील की।
रनोल विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का लिया जायजा।
लोक निर्माण मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रनोल के निर्माणाधीन भवन का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र नए भवन की सुविधा मिल सके।
विधायक ने किया मंत्री का स्वागत।
विधायक के रोहड़ू मोहन लाल ब्राक्टा ने लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह का रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में पधारने पर स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं विकासात्मक मांगों को उनके समक्ष रखा।
उन्होंने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विकास में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके कार्यकाल में क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
परिधि गृह रोहड़ू सहित विभिन्न स्थानों पर सुनी जनसमस्याएं।
लोक निर्माण मंत्री ने अपने एक दिवसीय रोहड़ू प्रवास के दौरान परिधि गृह रोहड़ू में तथा रनोल जाते समय बडियारा, जांगला, थाना, टोडसा, गुमणा, लिंबड़ा, देवीधार एवं रनोल में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों एवं स्थानीय लोगों की जनसमस्याएं सुनीं।
उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को लोगों द्वारा प्रस्तुत मांगों एवं समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
यह रहे उपस्थित।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र रेटका, मंडल अध्यक्ष रोहड़ू शिव पाल ठाकुर, स्थानीय पंचायत प्रधान प्रेम राज मेहता, मोहतमीन देवता खंटू रनोल दीवान मेहता, नगर परिषद रोहड़ू के उपाध्यक्ष जितेंद्र चौहान, पार्षद राजकुमार नीटू, पूर्व मंडल अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, चिरगांव पंचायत समिति अध्यक्ष उत्तम ठाकुर, पार्षद शमशेर ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष नगर पंचायत चिड़गांव सरला मेहता, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।